फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पराग्वे को रौंद कोपा अमेरिका कप के फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना

Thu, 02 Jul 2015 06:08 PM IST
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
स्टार स्ट्राइकर लियोनल मेसी के जादुई खेल की बदौलत अर्जेंटीना ने पराग्वे को 6-1 की करारी शिकस्त देकर कोपा अमेरिका कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
विज्ञापन


खिताब के लिए उसकी भिड़ंत मेजबान चिली से होगी, जिसने 28 साल बाद टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। अर्जेंटीना के लिए मेसी कोई गोल तो नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन गोल में अहम योगदान दिया।

कॉनसेप्सिएन (चिली) में खेले गए मुकाबले में टीम के लिए एंजेल डी मारिया ने दो जबकि मार्कोस रोजो, जेवियर पस्तोरे, सर्गियो एग्युरो और गोंजालो हिगुएन ने एक-एक गोल किया। पराजित टीम के लिए एकमात्र गोल लुकास बैरियोस के पैर से निकला।
विज्ञापन


लियोनल मेसी भले ही 900 मिनट से अधिक समय से कोई अंतरराष्ट्रीय गोल नहीं कर सके हैं, लेकिन अपने बेमिसाल खेल की बदौलत उन्होंने पराग्वे के खिलाड़ियों को मनमर्जी से छकाया। अर्जेंटीना के लिए पहला गोल रोजो ने 15वें मिनट में किया जब उन्होंने मेसी की फ्री किक को गोल में बदल दिया। छह मिनट बाद ही मेसी के शानदार प्रयास को पराग्वे के गोलकीपर ने रोक लिया। हालांकि इसके कुछ मिनट बाद ही जेवियर ने टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। हाफ टाइम से पहले पराग्वे के लुकास बैरियोस ने टीम का खाता खोलते हुए अर्जेंटीना की बढ़त को कुछ कम कर दिया।
हालांकि हाफ टाइम के बाद अर्जेंटीना ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर किसी तरह का रहम नहीं किया। हाफ टाइम के बाद दस मिनट के भीतर मारिया ने दो गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। मारिया ने पहले 47वें मिनट में विपक्षी टीम का गोलपोस्ट भेद दिया। इसके बाद 57वें मिनट में मेसी के शानदार पास को जब जेवियर गोल में नहीं बदल सके तो फुटबॉल मारिया के पास पहुंच गई और उन्होंने कोई गलती नहीं की।

मेसी ने इसके बाद तीन डिफेंडरों को छकाते हुए गोल करने का प्रयास किया, जिसे रोक लिया गया। हालांकि 80वें मिनट में एग्युरो और 83वें मिनट में हिगुएन ने गोल कर टीम को बड़ी जीत दिलाते हुए फाइनल में पहुंचा दिया।

वर्ल्ड नंबर वन जर्मनी को हराकर अमेरिका फाइनल में
दूसरी ओर, मांट्रियल में कैरिल लॉयड और केली ओ हैरा के गोल की बदौलत अमेरिका ने फीफा महिला विश्व कप का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए सेमीफाइनल में वर्ल्ड नंबर वन जर्मनी को 2-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। कप्तान कैरिल ने 69वें मिनट में पेनाल्टी किक के जरिए टीम का खाता खोला जबकि केली ने अंतिम सीटी बजने से ठीक छह मिनट पहले टीम की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी। यह केली का देश के लिए पहला गोल भी था।
विज्ञापन


1991 और 1999 की विश्व विजेता अमेरिका का सामना 5 जुलाई को वैंकूवर में होने वाले फाइनल में मौजूदा चैंपियन जापान और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। हालांकि जर्मनी के पास भी गोल करने के सुनहरे मौके थे, लेकिन टीम अहम मौकों पर चूक गई। यहां तक कि छह गोल के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर सेलिया सेसिक तो 60वें मिनट में मिली पेनाल्टी पर भी गोल नहीं कर सकीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें