फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ronaldo: क्या पुर्तगाल के लिए बोझ बन रहे हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो? फीफा विश्वकप में उम्र ने छीनी पुरानी धार!

Sun, 28 Jun 2026 12:45 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मियामी

सार

फीफा विश्व कप 2026 में कोलंबिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद पुर्तगाल की सबसे बड़ी चिंता क्रिस्टियानो रोनाल्डो की फॉर्म बन गई है। 41 वर्षीय स्टार लगातार दूसरे मैच में गोल नहीं कर सके और कई मौकों पर उनकी धीमी गति व गलत टाइमिंग टीम पर भारी पड़ी। अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या नॉकआउट चरण में पुर्तगाल को रोनाल्डो के साथ आगे बढ़ना चाहिए या टीम को नए विकल्पों पर भरोसा करना होगा।
विज्ञापन
रोनाल्डो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फीफा विश्व कप 2026 में कोलंबिया के खिलाफ 0-0 के ड्रॉ ने पुर्तगाल को नॉकआउट में पहुंचा तो दिया, लेकिन टीम की सबसे बड़ी कमजोरी भी सामने ला दी। यह कमजोरी कोई और नहीं बल्कि दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में गिने जाने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो की मौजूदा फॉर्म है। एक समय अकेले दम पर मैच का नतीजा बदल देने वाले रोनाल्डो अब उसी तेजी और सटीकता के साथ नजर नहीं आ रहे, जिसके दम पर उन्होंने वर्षों तक विश्व फुटबॉल पर राज किया।
विज्ञापन

कोलंबिया के खिलाफ मैच के दौरान रोनाल्डो - फोटो : FIFA.COM
सबसे बड़ा सवाल रोनाल्डो की टाइमिंग पर
मैच के पहले हाफ के दौरान इंजरी टाइम में पुर्तगाल के पास बढ़त लेने का सुनहरा अवसर था। पेड्रो नेटो दाईं ओर से तेजी से आगे बढ़े और बॉक्स में क्रॉस देने के लिए तैयार थे, लेकिन वहां रोनाल्डो मौजूद ही नहीं थे। नेटो को इंतजार करना पड़ा और तब तक कोलंबिया के डिफेंडर वापस आ चुके थे। मौका हाथ से निकल गया। यह सिर्फ रफ्तार की कमी नहीं थी, बल्कि खेल को पढ़ने और सही समय पर सही जगह पहुंचने की क्षमता में आई गिरावट भी साफ दिखाई दी। यही वो क्वालिटी थी जिसने रोनाल्डो को दुनिया का सबसे खतरनाक स्ट्राइकर बनाया था।

रोनाल्डो - फोटो : ANI
फ्री-किक में भी नहीं दिखा पुराना जादू
दूसरे हाफ में पुर्तगाल को लगभग 28 गज की दूरी से फ्री-किक मिली। गेंद के पास ब्रूनो फर्नांडीस और वितिन्या भी मौजूद थे, लेकिन सभी जानते थे कि शॉट रोनाल्डो ही लेंगे। उन्होंने शॉट लिया, लेकिन गेंद में न ताकत थी, न स्विंग और न ही वह सटीकता, जिसके लिए कभी उनकी फ्री-किक मशहूर हुआ करती थी। गेंद सीधे गोलकीपर के हाथों में चली गई। यह वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2018 विश्व कप में स्पेन के खिलाफ इसी तरह की फ्री-किक पर यादगार गोल दागा था।

हेडर और ऑफसाइड... दिखी कमजोरी
63वें मिनट में रोनाल्डो के लिए बॉक्स में शानदार क्रॉस आया, लेकिन वह सही समय पर उछाल नहीं ले सके। उनका हेडर पूरी तरह चूक गया। एक समय हवा में लंबे समय तक टिककर हेडर लगाने वाले रोनाल्डो अब उसी टाइमिंग को हासिल नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा वह कई बार ऑफसाइड भी पकड़े गए। पहले जहां वह डिफेंस लाइन को चकमा देकर सही समय पर दौड़ लगाते थे, वहीं अब हर बार एक कदम पीछे रह गए।

रोनाल्डो - फोटो : AP
जज्बा बरकरार, लेकिन असर नहीं
रोनाल्डो के प्रयासों में कोई कमी नहीं दिखी। उन्होंने बाइसाइकिल किक की कोशिश की, बाएं पैर से शॉट लगाने का प्रयास किया और हर अवसर का फायदा उठाने की कोशिश की। लेकिन अधिकांश प्रयास या तो डिफेंडरों ने रोक दिए या उनमें पहले जैसी धार नजर नहीं आई। बाइसाइकिल किक को कोलंबिया के डिफेंडर ने शरीर से ब्लॉक कर दिया। यही वजह रही कि पुर्तगाल लीग राउंड में दूसरे मैच में गोल करने में नाकाम रहा। इससे पहले टीम डीआर कांगो के खिलाफ भी सिर्फ 1-1 की बराबरी पर रुकी थी और अब कोलंबिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला।

जेम्स रोड्रिगेज ने लूटी महफिल
जहां रोनाल्डो संघर्ष करते दिखे, वहीं कोलंबिया के 34 वर्षीय जेम्स रोड्रिगेज ने शानदार प्रदर्शन किया। अनुभवी मिडफील्डर ने पूरे मैच में खेल की गति नियंत्रित की और ब्रूनो फर्नांडीस, वितिन्या तथा जोआओ नेवेस जैसे पुर्तगाली सितारों पर भी भारी पड़े। अगर कोलंबिया अपने कई आसान मौके भुना लेता तो पुर्तगाल को हार का सामना भी करना पड़ सकता था।

अब क्रोएशिया की चुनौती
ग्रुप K में दूसरे स्थान पर रहने के कारण अब पुर्तगाल का सामना राउंड ऑफ 32 में क्रोएशिया से होगा। अगर टीम यह मुकाबला जीतती है तो अगले दौर में स्पेन, ऑस्ट्रिया या अल्जीरिया में से किसी एक मजबूत टीम से भिड़ना पड़ सकता है। नॉकआउट का रास्ता आसान नहीं है और ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुर्तगाल रोनाल्डो को सेंटर में रखकर आगे बढ़ेगा या फिर टीम संतुलन को प्राथमिकता देगा। 

रोनाल्डो - फोटो : AP
दूसरी ओर अर्जेंटीना
ड्रॉ के बाद एक राहत की खबर यह है कि पुर्तगाल और अर्जेंटीना टूर्नामेंट के अलग-अलग हिस्सों में हैं। यानी अगर दोनों टीमें लगातार जीत दर्ज करती हैं तो क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनल मेसी की आखिरी विश्व कप भिड़ंत सिर्फ फाइनल में ही संभव होगी। अर्जेंटीना ने फिर से एक बार दबदबा बनाते हुए जॉर्डन को 3-1 से हरा दिया और अपने तीनों मैच जीते। मेसी ने एक गोल किया और वह फिलहाल गोल्डन बूट की रेस में छह गोल के साथ सबसे आगे हैं। वहीं, रोनाल्डो के फिलहाल दो ही गोल हैं।
विज्ञापन

पुर्तगाल बनाम कोलंबिया - फोटो : ANI
सोशल मीडिया पर भी उड़ा मजाक
सोशल मीडिया पर भी रोनाल्डो का मजाक उड़ा। फैंस उज्बेकिस्तान के खिलाफ उनके दो गोल के दौरान की तुलना इस मैच से करते दिखे। फैंस का मानना है कि उस मैच में रोनाल्डो ने जबरदस्त खेल दिखाया था, लेकिन यहां वह जूझते दिखे। उम्र ने रोनाल्डो की इच्छाशक्ति नहीं छीनी है, लेकिन उनके खेल की धार जरूर कम कर दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या नॉकआउट चरण में भी पुर्तगाल अपने सबसे बड़े सुपरस्टार पर उतना ही भरोसा बनाए रखता है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें