आईजोल एफसी ने स्थानापन्न खिलाड़ी मापुइया के 83वें मिनट में किए गए गोल की मदद से आई-लीग फुटबाल टूर्नामेंट में शनिवार को यहां ईस्ट बंगाल को 3-2 से शिकस्त देकर उलटफेर किया। आईजोल एफसी की मौजूदा सत्र में यह पहली जीत है। वहीं एक अन्य मुकाबले में चेन्नई सिटी ने नेरोका को 2-1 से शिकस्त दी।
आईजोल एफसी के जिकाही डोडोज ने मैच के 25वें मिनट में गोल कर पूर्व चैंपियन टीम का खाता खोला। पहले हाफ में टीम ने अपनी बढ़त को बरकरार रखने में सफल रही। मध्यांतर के बाद सात मिनट के अंदर दो गोल कर ईस्ट बंगाल ने 2-1 की बढ़त ले ली। जॉबी जस्टिन ने 63वें और बोरिया गोमेज ने 70वें मिनट में गोल किया।
ईस्ट बंगाल की यह बढ़त तीन मिनट तक ही कायम रही। मैच के 73वें मिनट में जोई जोहेरलियना ने आईजोल एफसी के लिए गोलकर स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया। मापुइया ने 83वें मिनट में डोडोज की मदद से गोलकर टीम को 3-2 से आगे कर दिया जो मैच खत्म होने तक बरकरार रहा। मापुइया इस गोल से सिर्फ सात मिनट पहले ही मैदान में उतरे थे।
वहीं, दूसरे मुकाबले में चेन्नई के लिए रॉबर्ट एसलावा ने 14वें मिनट और नेस्ट गॉर्डिलो ने 52 में शानदार गोल कर अपनी टीम की बढ़त को अंत तक बरकरार रखा। नेरोका के लिए सुभाष सिंह ने 66वें मिनट में एकमात्र गोल किया, लेकिन वह अपनी को जीत के मंच तक नहीं पहुंचा सके।