जापान ने विवादास्पद पेनल्टी का पूरा फायदा उठाकर सोमवार को खिताब के प्रबल दावेदार ईरान को 3-0 से हराकर एशियाई कप फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। युया ओसाको ने हाफ टाइम के बाद 56वें मिनट में जापान की तरफ से पहला गोल किया लेकिन वह उनका पेनल्टी पर किया गया गोल था जिसने ईरान की उम्मीदों पर पानी फेरा।
ताकुमी मिनामिनो का क्रास मुर्तजा पोरालिगनी की बांह से लगा और आस्ट्रेलियाई रेफरी क्रिस बीथ ने पेनल्टी दे दी। रीप्ले देखने के बाद भी वह अपने फैसले पर कायम रहे। ओसाका ने 67वें मिनट में इस पेनल्टी पर गोल दागा।
इसके बाद गेंकी हरागुची ने दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम (91वें मिनट) में तीसरा गोल किया और इस तरह से ईरान का चौथा एशियाई खिताब जीतने 43 साल का इंतजार बढ़ गया।
इनपुट-भाषा