फीफा वर्ल्ड कप में इस बार भी नए बाबा का अवतार हो गया है जो मैचों से पहले टीम की जीत की भविष्यवाणी करेगा।
चार वर्ष पहले दक्षिण अफ्रीका में हुए वर्ल्ड कप में जर्मनी के ऑक्टोपस पॉल बाबा की सटीक भविष्यवाणियों ने धूम मचाई थी और इस बार ब्राजील में होने जा रहे वर्ल्ड कप में कछुए को उतारा जा रहा है जो मैचों की भविष्यवाणी करेगा।
पॉल बाबा ने 2010 वर्ल्ड कप में लगभग सभी मैचों में सही भविष्यवाणी की थी।
इस कछुए का नाम सेबेकाओ या बिग हैड है। ब्राजील ने एक तरह से सेबेकाओ को टूर्नामेंट का आधिकारिक भविष्यवक्ता बना दिया है।
सेबेकाओ ने पहले मैच में ब्राजील के क्रोएशिया के खिलाफ जीतने की भविष्यवाणी की है। 25 साल की उम्र वाले इस कछुए को ब्राजील के एक तटीय गांव प्राया डो फोर्टे में एक स्विमिंग पूल में रखा गया है।
इस कछुए के सामने ब्राजील और क्रोएशिया के झंडों के साथ मछली लगी थी। इसके अलावा एक फुटबॉल पर भी मछली टंगी हुई थी।
भविष्यवाणी के लिए यह रखा गया था कि यह कछुआ जिस देश के झंडे से टंगी मछली को खाएगा वह जीतेगा और यदि वह फुटबॉल से टंगी मछली को खाएगा तो मैच ड्रॉ होगा।
ऊंट भी करेगा भविष्यवाणी
2014 फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप में अब ऊंट भी मैचों की भविष्यवाणी करेगा। इस ऊंट का नाम शाहीन है और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रहता है।
यूएई के एक प्रमुख अखबार के मुताबिक गुरुवार से शाहीन प्रत्येक दिन एक मैच की भविष्यवाणी करेगा। यह ऊंट अभी दुबई के रेगिस्तान में है और इसकी भविष्यवाणी के लिए एक खास तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।