भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग रोटरडैम लेग के अपने आखिरी मुकाबले में मेजबान नीदरलैंड्स को 3-2 से हराकर इतिहास रच दिया। इस रोमांचक मैच में भारतीय ड्रैग-फ्लिकर्स और अग्रिम पंक्ति (फॉरवर्ड लाइन) ने कमाल का खेल दिखाया। इस लेग में डच टीम पर भारत की यह दूसरी सीधे तौर पर (Outright) जीत है। शानदार कप्तानी और मिडफील्ड में बेहतरीन खेल दिखाने वाले कार्यवाहक कप्तान हार्दिक सिंह को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
हाफटाइम तक भारत ने बनाई बढ़त
मैच के पहले क्वार्टर में नीदरलैंड्स ने दबदबा बनाया और भारतीय डिफेंस पर भारी दबाव डाला, जिससे पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपनी तीव्रता बढ़ाई। 18वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे जुगराज सिंह ने दमदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।
नीदरलैंड्स ने तुरंत पलटवार किया और 19वें मिनट में ही पेपिजन वैन डेर हेइडेन ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद 27वें मिनट में जरमनप्रीत सिंह के बेहतरीन पास पर अभिषेक ने शानदार बैकहैंड शॉट दागकर हाफटाइम से पहले भारत को 2-1 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी।
आखिरी क्वार्टर का रोमांच और राजिंदर का वार
तीसरे क्वार्टर में डच टीम ने लगातार हमले किए, लेकिन अमित रोहिदास और भारतीय डिफेंस ने उनके पेनल्टी कॉर्नर के प्रयासों को नाकाम कर दिया। अंतिम क्वार्टर के 56वें मिनट में दिलप्रीत और मनदीप ने काउंटर-अटैक किया। इस दौरान फाउल करने पर डच खिलाड़ी जोप्पे वोलबर्ट को येलो कार्ड मिला और नीदरलैंड्स की टीम 10 खिलाड़ियों पर सिमट गई। भारत ने मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाया और राजिंदर सिंह ने ड्रैग-फ्लिक से गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया।
58वें मिनट में नीदरलैंड्स ने लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिसे भारतीय डिफेंस ने ब्लॉक किया। हालांकि, 59वें मिनट में कोएन बिजेन ने एक चतुर वैरिएशिन से गोल कर मुकाबला 3-2 पर ला दिया। आखिरी 10 सेकंड में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और इसके साथ ही फाइनल हूटर बजने पर भारत ने 3 अंक अपनी झोली में डाल लिए।