मेसी बनाम रोनाल्डो
- फोटो : ANI
क्या है फाइनल मैच के टिकट की कीमत?
दिसंबर में टूर्नामेंट के ड्रॉ के बाद जब फीफा ने टिकट बेचे थे तब श्रेणी एक के टिकट की कीमत 8,680 अमेरिकी डॉलर थी यानी 8.12 लाख रुपये थी। इसके बाद कीमत में बढ़ोतरी हुई और 10,990 अमेरिकी डॉलर यानी 10.28 लाख भारतीय रुपये कर दी गई। अब फीफा ने 19 जुलाई को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले के लिए टिकट की कीमत 32,970 अमेरिकी डॉलर यानी 31,10,816 रुपये कर दी है। यह दाम हाल ही में अहमदाबाद में हुए टी20 विश्वकप के फाइनल की टिकट की दाम से लगभग 42 गुना ज्यादा है। फीफा की आधिकारिक टिकट बिक्री वेबसाइट पर इन टिकटों को 'फ्रंट कैटेगरी वन' सीट बताया गया है। वहीं 10,990 डॉलर वाली पुरानी कैटेगरी अब केवल व्हीलचेयर और विशेष सुविधा वाले दर्शकों के लिए उपलब्ध है।
मेसी बनाम रोनाल्डो
- फोटो : ANI
सेमीफाइनल और अमेरिका के मैचों के टिकट भी महंगे
टेक्सास के एटी एंड टी स्टेडियम में 14 जुलाई को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले के टिकट के दाम 11,130 डॉलर यानी 10,50,148 भारतीय रुपये तक पहुंच गए हैं। वहीं, अगले दिन अटलांटा के मर्सिडीज-बेन्ज स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के टिकट 10,635 डॉलर यानी 10,03,443 भारतीय रुपये तक बिक रहे हैं। अमेरिका के ग्रुप स्टेज मुकाबलों के टिकट भी काफी महंगे हैं। 12 जून को पैराग्वे के खिलाफ सोफी स्टेडियम में होने वाले मैच के टिकट 2,735 डॉलर यानी 2,58,055 भारतीय रुपये तक हैं। 19 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिएटल में होने वाले मैच के टिकट 2,715 डॉलर यानी 2,56,169 भारतीय रुपये तक बिक रहे हैं। 25 जून को तुर्किये के खिलाफ मुकाबले के टिकट 2,970 डॉलर यानी 2,80,229 भारतीय रुपये तक पहुंच चुके हैं।
फीफा विश्व कप
- फोटो : Instagram
टी20 विश्वकप 2026 फाइनल के टिकट का दाम
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आठ मार्च 2026 को हुए टी20 विश्वकप 2026 फाइनल के आधिकारिक टिकटों की शुरुआती कीमत दो हजार रुपये रखी गई थी। प्रीमियम सीटों की कीमत 20 हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक थी, जबकि हॉस्पिटैलिटी सूट्स के टिकट 50 हजार रुपये से 75 हजार रुपये के बीच थे।
अगर टी20 विश्वकप फाइनल के अधिकतम 75 हजार रुपये से भी फीफा विश्वकप फाइनल के अधिकतम दाम की तुलना हो तो यह 42 गुना ज्यादा है। हालांकि, रीसेल मार्केट में टिकटों की कीमतें आसमान छू रही थीं, जहां एक सीट के लिए दो से तीन लाख तक वसूले जाने की खबरें सामने आईं थीं। फीफा विश्वकप 2026 के आम टिकटों के दाम भी टी20 विश्वकप 2026 के आम टिकटों के दाम से ज्यादा हैं।
फीफा अध्यक्ष गियानी इनफैंटिनो
- फोटो : Twitter
फीफा अध्यक्ष ने किया टिकट कीमतों का बचाव
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इन ऊंची कीमतों का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका का एंटरटेनमेंट मार्केट बेहद बड़ा है और टिकटों की कीमतें उसी हिसाब से तय की गई हैं। उन्होंने कहा, 'अगर टिकट बहुत सस्ते रखे जाएं तो लोग उन्हें दोबारा बेचकर ज्यादा मुनाफा कमाएंगे। अभी भी हमारे टिकट रीसेल मार्केट में दोगुनी कीमत पर बिक रहे हैं।' इन्फेंटिनो ने यह भी कहा कि अमेरिका में बड़े कॉलेज या प्रोफेशनल खेल मुकाबलों के टिकट भी 300 डॉलर यानी 28,306 भारतीय रुपये से कम में नहीं मिलते।
फीफा विश्वकप
- फोटो : अमर उजाला/AI
रीसेल मार्केट में करोड़ों की डिमांड
फीफा के रीसेल/एक्सचेंज मार्केटप्लेस पर फाइनल मैच के टिकट 8,970 डॉलर से लेकर 1.15 करोड़ डॉलर (लगभग 96 करोड़ रुपये) तक में लिस्ट किए गए। सबसे महंगा टिकट स्टेडियम की ऊपरी कतार की सीट के लिए बताया गया। हालांकि फीफा इन कीमतों को नियंत्रित नहीं करता, लेकिन हर रीसेल टिकट पर खरीदार और विक्रेता दोनों से 15-15 प्रतिशत शुल्क वसूलता है। इससे पहले पिछले महीने भी किसी व्यक्ति ने फाइनल टिकट 22 लाख डॉलर से अधिक में बेचने के लिए सूचीबद्ध किया था। इन्फेंटिनो ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'अगर कोई 20 लाख डॉलर देकर टिकट खरीदता है, तो मैं खुद उसे हॉट डॉग और कोक देकर आऊंगा।'
मेसी बनाम रोनाल्डो
- फोटो : ANI
डायनामिक प्राइसिंग पर विवाद, अमेरिकी सांसदों ने फीफा से मांगा जवाब
टिकट की कीमतों में लगातार बदलाव को लेकर डायनामिक प्राइसिंग सिस्टम की आलोचना हो रही है। न्यू जर्सी के डेमोक्रेट सांसद फ्रैंक पैलोन और नेल्ली पाउ ने फीफा को पत्र लिखकर टिकट बिक्री प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फीफा 'डायनामिक प्राइसिंग', सीमित टिकट उपलब्धता और भ्रामक सीट मैप्स के जरिए कृत्रिम मांग पैदा कर रहा है। सांसदों ने फीफा से 22 मई तक जवाब मांगा है।