कतर विश्व कप में शनिवार रात (26 नवंबर) दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी का जादू सिर चढ़कर बोला। उन्होंने अपने शानदार गोल से अर्जेंटीना की टीम को मैक्सिको के खिलाफ जीत दिलाई। ग्रुप-सी में अर्जेंटीना ने करो या मरो वाले मैच में 2-0 से जीत हासिल की। मेसी के अलावा एंजो हर्नांडेज ने भी गोल किया। इस मैच के देखने के लिए 88,966 दर्शक कतर के लुसैल स्टेडियम में पहुंचे।
फुटबॉल विश्व कप के किसी मैच में 1994 के बाद पहली बार इतनी संख्या में दर्शक पहुंचे। 1994 विश्व कप के फाइनल में 94,194 दर्शक पहुंचे थे। उस विश्व कप का आयोजन अमेरिका में हुआ था। फाइनल में ब्राजील और इटली की टीम पहुंची थी। ब्राजील ने पेनल्टी शूटआउट में इटली को 3-2 से हराया था। उस मुकाबले के बाद अर्जेंटीना और मैक्सिको के मैच को देखने के लिए सबसे ज्यादा दर्शक पहुंचे हैं।
सऊदी अरब से हारी थी अर्जेंटीना की टीम
पहले मैच में सऊदी अरब के खिलाफ इस टीम को 1-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद विश्व कप में बने रहने के लिए अर्जेंटीना को हर हाल में अपना दूसरा मैच जीतना था और इस बार मेसी ने टीम को आगे ले जाने का जिम्मा उठाया। उन्होंने मैच के 64वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद एंजो फर्नाडीज ने भी गोल कर अर्जेंटीना की जीत तय कर दी। अर्जेंटीना ने मैक्सिको को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें कायम रखी है।
मेसी ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
लियोनल मेसी दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने पांच अलग-अलग विश्व कप में गोल असिस्ट किया हो। मैक्सिको के खिलाफ मैच में मेसी ने फर्नांडेज को बेहतरीन पास दिया, जिस पर उन्होंने गोल किया।
मेसी ने की माराडोना की बराबरी
मैक्सिको के खिलाफ मैच में गोल के साथ ही मेसी ने फुटबॉल विश्व कप के 21 मैच में आठ गोल कर लिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने दिग्गज मैराडोना की बराबरी कर ली है। माराडोना ने भी 21 विश्व कप मैच में आठ गोल किए थे। इस विश्व कप में मेसी दो मैच में दो गोल कर चुके हैं। अगर वह अपनी लय बरकरार रख पाते हैं तो अगले मैच में माराडोना से आगे निकल सकते हैं।