यूं तो दुनियाभर में ऐसे अनगिनत प्रशंसक मिल जाएंगे जो चाहते होंगे कि मेजबान ब्राजील इस बार फुटबॉल में वर्ल्ड चैंपियन बने। लेकिन मेजबान ब्राजील की खुशी उस समय डबल हो गई होगी जब उसे पता चला होगा कि एक स्पेशल परिवार भी सांबा-सांबा टीम का समर्थन कर रहा है।
यहां बात हो रही है एक ऐसे परिवार की, जो अपनी एक अनोखी वजह से दुनिया का अनोखा परिवार बना हुआ है।
दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील की राजधानी ब्रासिलिया के बाहरी इलाके एगुएस र्क्लारस में एक ऐसा परिवार रहता है जिसके सभी 14 सदस्यों के दोनों हाथों में एक अतिरिक्त अंगुली है, यानी एक हथेली में कुल 6 अंगुलियां हैं।
हाथ-पैर में हैं 6-6 अंगुलियां
प्रत्येक हाथ में 6-6 अंगुलियों वाला यह परिवार भी फुटबॉल का दीवाना है और उसकी चाहत है की ब्राजील इस बार रिकॉर्ड छठी बार वर्ल्ड कप जीते।
ब्राजील की स्थानीय मीडिया में आई खबर के अनुसार सिल्वा परिवार में कुल 24 सदस्य हैं, जिनमें से 14 लोगों के हाथ-पैर में 6-6 अंगुलियां हैं और यह जन्म से ही है।
हर हथेली और पैर में एक अतिरिक्त अंगुली एक बीमारी के कारण होता है और इस बीमारी का नाम है पॉलीडैक्टली।
यहां भी हो रही जमकर चोरबाजारी
फीफा वर्ल्ड कप में टिकट बेचने का धंधा भी जोरों पर चल रहा है। दो संदिग्ध लोगों को फीफा के आधिकारिक होटल के अंदर टूर्नामेंट के टिकट बेचते हुए गिरफ्तार किया गया है।
ब्राजीली पुलिस ने मंगलवार को यह गिरफ्तारी की थी और इनमें से एक व्यक्ति फ्रेंच बोलना जानता है।
उसके पास से 60 टिकट बरामद किए गए हैं जिनमें से 10 मूल रूप से फीफा के सदस्य राष्ट्रीय फुटबॉल संघों को जारी किए गए थे।
स्पेन की हार पर अलोंसो को आश्चर्य
वर्ल्ड नंबर वन स्पेन के 2 बार के फॉर्मूला वन चैंपियन और रियल मैड्रिड के जबर्दस्त समर्थक फर्नांडो अलोंसो को स्पेन के वर्ल्ड कप से बाहर हो जाने पर घोर आश्चर्य हुआ है लेकिन वह हार को लेकर बहुत ज्यादा दुखी नहीं हैं।
अलोंसो ने कहा, "मैं इस हार पर चौंका जरूर हूं लेकिन हताश नहीं हूं। हम पिछले कई वर्षों से लगातार जीतते आ रहे थे और हम जानते थे कि ऐसा एक न एक दिन जरूर होगा। हम ऐसा नहीं खेले जिससे कि हम अगले दौर के लिए क्वालीफाई कर पाते।"