फिडे विश्व कप के दूसरे दौर के पहले मुकाबले में भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती को 12 वर्षीय अर्जेंटीनी प्रतिभा ओरो फाउस्टिनो ने ड्रॉ पर रोक दिया। 'चेस के मेसी' नाम से मशहूर फाउस्टिनो ने एक बार फिर अपने असाधारण खेल से सबको चौंका दिया। पहले दौर में उन्होंने क्रोएशिया के आंटे ब्रकिक को हराकर सनसनी फैला दी थी।
फाउस्टिनो ने दी कड़ी टक्कर
मंगलवार को खेले गए मुकाबले में फाउस्टिनो ने काले मोहरों से बर्लिन डिफेंस अपनाई। विदित ने मिडिल गेम में थोड़ी बढ़त पाने की कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाड़ी ने सटीक चालों से स्थिति बराबर रखी। आखिर में विदित ने जोखिम से बचते हुए तीन बार पोजिशन दोहराई और 28 चालों में खेल ड्रॉ घोषित हुआ। अब बुधवार को खेले जाने वाले रिटर्न गेम में विदित काले मोहरों से खेलेंगे। अगर वह मुकाबला भी बराबरी पर छूटा, तो नतीजा तय करने के लिए टाई-ब्रेक (कम समय वाले खेल) खेले जाएंगे।
विदित के लिए अहम है ये टूर्नामेंट
यह टूर्नामेंट विदित के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यही उनका 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह बनाने का आखिरी मौका है। बता दें कि, फिडे विश्व कप से शीर्ष तीन खिलाड़ी क्वालिफाई करेंगे। दूसरी ओर, अमेरिका के लेवोन अरोनियन ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए भारत के युवा ग्रैंडमास्टर अरॉन्याक घोष को सफेद मोहरों से हराया।