केरल में मछुआरों को गोली मारने के आरोप में पकड़े गए दो इतालावियों की गिरफ्तारी के विरोध में टीम फेरारी शुक्रवार को अपनी कार पर इटली नेवी का झंडा लगाकर उतरेगी। फेरारी हालांकि इस मामले में कोई मुखर विरोध नहीं दर्ज कराएगी। हैरानी की बात यह है कि इंटरनेशनल ऑटोमोबाइल फेडरेशन (एफआईए) और बीआईसी ने इस पर कोई ऐतराज नहीं किया है। दोनों का ही कहना है कि झंडा लगाने के मामले में नियमों का कहीं उल्लंघन नहीं होता।
टीम फेरारी के मोटरस्पोर्ट्स हेड लूका कोलायानी ने ‘अमर उजाला’ से कहा कि झंडा लगाने का निर्णय सिर्फ इस मामले की ओर भारत सरकार का ध्यान खीचने के लिए लिया गया है। हम किसी से झगड़ा नहीं चाहते और न किसी की भावनाएं आहत करना चाहते हैं। यह एक बेहद शांत तरीका है। फेरारी के दोनों ड्राइवरों फर्नांडो अलोंसो व फेलिपे मासा की कार पर यह झंडा होगा। कोलायानी का कहना है कि दोनों ही ड्राइवरों ने इस पर कोई एतराज नहीं जताया है, क्यों कि यह टीम का फैसला था।
वहीं एफआईए के एक अधिकारी का कहना है कि उन्हें इस मामले के बीच में नहीं पड़ना। इससे इस खेल का लेना देना नहीं है। वहीं बीआईसी के एक अधिकारी ने कहा कि न तो इससे इस खेल के नियम भंग होते हैं और न ही आयोजकों को कोई नुकसान हो रहा है। ऐसे में टीम फेरारी को झंडा लगाने से नहीं रोका जा सकता है।