भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन और पार्थ माने की जोड़ी मंगलवार को एशियन गेम्स की 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा के फाइनल में क्वालिफिकेशन की शानदार लय को बरकरार नहीं रख सकी। ये भारतीय जोड़ी फाइनल में चौथे स्थान पर रही और पदक से चूक गई। इलावेनिल और पार्थ इससे पहले अपनी टीम स्पर्धाओं में रजत पदक जीत चुके थे, लेकिन मिश्रित फाइनल में चीन, दक्षिण कोरिया और जापान की जोड़ियों को चुनौती पेश नहीं कर सके।
फाइनल के दौरान पिछड़ती चली गई भारतीय जोड़ी
भारतीय जोड़ी पूरे फाइनल के दौरान पिछड़ती रही और अंतत: 376.3 अंक के साथ पदक की दौड़ से बाहर हो गई। चीन की वांग झिफेई और शेंग लिहाओ की जोड़ी ने 507.1 अंक के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरिया की बान ह्योजिन और पार्क हाजुन ने 502.9 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि जापान के नाओकी हानाकावा और मिसाकिया नोबाटा ने 439.7 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। क्वालिफिकेशन में चौथे स्थान पर रहे वियतनाम को अयोग्य घोषित कर दिया गया।
इलावेनिल व्यक्तिगत और महिला टीम स्पर्धाओं में अपने प्रदर्शन जैसी निरंतरता नहीं दिखा सकीं। उन्होंने इन दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक जीते थे। भारत ने पहली सीरीज में 103.6 अंक हासिल किए और दूसरी सीरीज में अपना कुल स्कोर बढ़ाकर 207.9 कर लिया। तीसरी सीरीज के अंत में उसका स्कोर 312.3 था, जबकि 15 शॉट के बाद दक्षिण कोरिया के 314.3 अंक थे। 18वें शॉट के बाद भारत पदक की दौड़ से बाहर हो गया।
क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहे थे इलावेनिल-पार्थ
इलावेनिल और पार्थ ने 634.6 अंक के स्कोर से क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। वांग और शेंग की जोड़ी 638.9 अंक के साथ क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रही। यह क्वालिफिकेशन में विश्व रिकॉर्ड स्कोर है। ह्योजिन और हाजुन 633.2 अंक के साथ क्वालिफिकेशन में तीसरे स्थान पर रहे। वियतनाम की थान थाओ फी और टैम क्वांग एनगुयेन ने 631 अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया था लेकिन बाद में अयोग्य हो गए। इलावेनिल और पार्थ इससे पहले मौजूदा एशियन गेम्स में क्रमश: भारतीय पुरुष और महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम का हिस्सा रहे थे जिन्होंने रजत पदक जीते थे। इलावेनिल ने महिला 10 मीटर एयर राइफल में भी रजत पदक अपने नाम किया था।