कॉमनवेल्थ चैंपियन सेना के चंद्रकांत माली ने नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में आठ साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड भंग करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं सिडनी ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली कर्णम मल्लेश्वरी की छोटी बहन पुलिस की कृष्णा कुमारी ने भी स्वर्ण पदक जीता।
हालांकि उनसे कम बॉडी वेट के आधार पर यूपी की सुशीला पंवार ने भी 185 किलो वजन उठाया लेकिन उनके हिस्से में रजत आया। महिलाओं के ही 75 किलो का गोल्ड रेलवे की सृष्टि सिंह ने जीता। 105 किलो में सर्विसेज के श्याम लाल ने क्लीन एंड जर्क में अपना ही नेशनल रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड जीता।
एसआरएम यूनिवर्सिटी में खेली जा रही इस चैंपियनशिप में बॉडी बनाने के चक्कर में यह खेल शुरू करने वाले चंद्रकांत माली ने स्नैच में 153, क्लीन एंड जर्क में 190 और कुल 343 किलो वजन उठाया। उन्होंने 2004 में बनाए गए सुखविंदर सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ा। छह माह पहले कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाले माली ने कहा कि वह पिछले कुछ माह से इसी लक्ष्य को लेकर प्रैक्टिस कर रहे थे कि उन्हें नेशनल रिकॉर्ड तोड़ना है।
आसाम के जमीर हुसैन को रजत और यूपी के मंदीप सिंह को कांस्य मिला वहीं 15 साल पूर्व जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली कृष्णा ने लंबे समय बाद नेशनल में गोल्ड से वापसी की है। 75 किलो में पंजाब की कुलबीर कौर ने रजत और रेलवे की प्रमिला ने कांस्य जीता। श्याम लाल ने स्नैच में 146 और क्लीन एंड जर्क में 190 के साथ कुल 336 किलो वजन उठाया। यूपी के गुरजीत सिंह ने स्नैच में 147 किलो वजन उठाकर स्वर्ण जीता। कुल 325 किलो वजन उठाकर वह तीसरे स्थान पर रहे। रेलवे के वीए क्रिस्टोफर ने रजत जीता।
हेमंत रस्तोगी