यूनान के स्ट्राइकर और स्थानापन्न खिलाड़ी दिमित्रियोस डायमांताकोस के दो गोल की मदद से ईस्ट बंगाल टीम ने रविवार को 134वें डूरंड कप फुटबाल के रोमांचक कोलकाता डर्बी में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान को 2-1 से हराकर चौंका दिया। 18वें मिनट में मैदान पर आए डायमांताकोस ने 38वें मिनट में पेनाल्टी स्पॉट से गोल किया और फिर दूसरे हाफ के सातवें मिनट बाद ही अपने दूसरे गोल के साथ ईस्ट बंगाल की बढ़त को दोगुना कर दिया। मोहन बागान ने अनिरुद्ध थापा के 68वें मिनट में किए गोल से वापसी करने की कोशिश की लेकिन ईस्ट बंगाल ने मजबूत रक्षण से अपनी पकड़ बनाए रखी। ईस्ट बंगाल का सेमीफाइनल में 20 अगस्त को डायमंड हार्बर एफसी से मुकाबला होगा जिसने पदार्पण वर्ष में जमशेदपुर को 2-0 से हराया। सैरुआटकिमा ने मैच के तीसरे और 41वें मिनट में गोल किए।