134वें डूरंड कप के ग्रुप ई मुकाबले में खेले गए इंफाल डर्बी ने दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए जबरदस्त रोमांच पैदा कर दिया, जहां नेरोका एफसी ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही ट्राऊ एफसी के खिलाफ अंतिम क्षणों में गोल कर 1-1 की रोमांचक बराबरी रोक दिया। ट्राऊ को खुंजामायुम राज सिंह के दूसरे हाफ में किए गए गोल से बढ़त मिली थी, लेकिन अतिरिक्त समय में अरूणकुमार सिंह के बराबरी के गोल ने उन्हें जीत से वंचित कर दिया। राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने किक मारकर खेल का उद्घटन किया जबकि सेना अध्यक्ष और पूर्वी कमान प्रमुख भी मौजूद रहे।
ट्राऊ एफसी ने उतारी भारतीय एकादश टीम
ट्राऊ एफसी के मुख्य कोच थांगजम सरन सिंह ने इस मुकाबले में पूरी तरह भारतीय एकादश उतारी, जो 4-2-3-1 फॉर्मेशन में खेली, जबकि नेपोलियन मोरांगथेम को फॉरवर्ड लाइन की जिम्मेदारी सौंपी गई। दूसरी ओर, नेरोका के मुख्य कोच ग्यान मोयों ने 4-4-2 फॉर्मेशन में एक मजबूत टीम उतारी, जिसमें जैक्सन इमैनुएल गोमाडो, मार्क हैरिसन जूनियर और एकोमोबॉन्ग विक्टर फिलिप जैसे तीन विदेशी खिलाड़ियों को आक्रमण को धार देने के लिए शामिल किया गया। मुकाबले की शुरुआत से ही नेरोका एफसी ने ऊंचा प्रेस करते हुए टेम्पो सेट किया। शुरुआती मिनटों में ही कप्तान अंगोम काइनेश सिंह का शॉट ट्राऊ के डिफेंडर राकेश ने रोक दिया, और रिबाउंड पर मार्क हैरिसन का शॉट गोल से बाहर चला गया।
दोनों टीमें करती रहीं जबरदस्त संघर्ष
जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा, ट्राऊ ने मिडफील्ड में लय पकड़ते हुए गेंद पर नियंत्रण बनाया, हालांकि दोनों ही टीमें साफ मौकों बनाने के लिए संघर्ष करती दिखीं। जहां ट्राऊ ने अधिक पजेशन पर ध्यान दिया, वहीं नेरोका ने काउंटर अटैक के जरिए अवसर बनाने की कोशिश की। बावजूद इसके, पहले 30 मिनट तक कोई भी टीम लक्ष्य पर शॉट दर्ज नहीं कर सकी। स्थानीय दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में जबरदस्त माहौल ने डर्बी के रोमांच को और बढ़ा दिया। दोनों टीमों की रणनीतिक अनुशासनशीलता ने मुकाबले को बेहद टैक्टिकल और फिजिकल बना दिया। पहले हाफ में कई मौके बने, लेकिन कोई गोल नहीं हुआ।
ट्राऊ ने 58वें मिनट में बनाई बढ़त
दूसरे हाफ की शुरुआत भी पहले जैसी तीव्रता के साथ हुई। 47वें मिनट में नेरोका के रोजर खुमान का प्रयास ट्राऊ डिफेंस ने ब्लॉक किया, जबकि मार्क हैरिसन और नोंगथोंगबम जापेस के शॉट्स भी गोल से बाहर रहे। 58वें मिनट में ट्राऊ ने अंततः बढ़त बना ली। राइट-बैक खुंजामायुम राज सिंह ने कॉर्नर फ्लैग के पास से आगे बढ़ते हुए जो क्रॉस भेजा, वह सीधे गोल में चला गया और नेरोका के गोलकीपर संतोश सिंह को छकाते हुए जाल में समा गया। ट्राऊ 1-0 से आगे हो गया।
डूरंड कप
- फोटो : अमर उजाला
दर्शकों की बढ़ती रही दिल की धड़कनें
नेरोका ने तुरंत जवाब देने की कोशिश की। 62वें मिनट में जापेस लगभग गोल के करीब पहुंचे थे, लेकिन ट्राऊ के डिफेंस, खासकर धनंजय सिंह, ने मजबूती से रोक दिया। 68वें मिनट में गोमाडो ने फिर से प्रयास किया, लेकिन उनका शॉट एक बार फिर ब्लॉक हो गया। 73वें मिनट में मुकाबला और रोमांचक हो गया जब ट्राऊ के धनचंद्र मुतुम को दूसरा पीला कार्ड मिला और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। अब ट्राऊ को बचे हुए मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने थे। नेरोका ने बराबरी के लिए पूरी ताकत झोंक दी। सब्स्टिट्यूट ज्लेक्स मंगंग बॉक्स में घुसे लेकिन ट्राऊ के डिफेंडर आकाश मीतेई ने उन्हें शानदार टैकल कर रोका। 86वें मिनट में ट्राऊ के गोलकीपर सपम सिंह ने अरूणकुमार सिंह के हेडर को बाएं तरफ डाइव लगाकर बेहतरीन बचाव करते हुए टीम को बढ़त बनाए रखने में मदद की। जैसे ही मुकाबला स्टॉपेज टाइम में गया, ट्राऊ ने अपनी बढ़त की रक्षा के लिए रक्षात्मक रुख अपनाया। लेकिन 96वें मिनट में नेरोका ने आखिरकार बराबरी हासिल कर ली। लेफ्ट फ्लैंक से ज्लेक्स के क्रॉस को एनएफसी खिलाड़ी वैखोम ने गोल के सामने हेड किया, और अरूणकुमार सिंह ने बेहतरीन टाइमिंग के साथ गोता लगाकर गेंद को निचले कोने में डाल दिया। जहां ट्राऊ एफसी इतनी कड़ी मेहनत के बाद आखिरी क्षणों में गोल खाकर निराश होगी, वहीं नेरोका एफसी को अपनी लेट फाइटबैक से हौसला मिलेगा। दोनों टीमें ग्रुप ई अभियान की शुरुआत एक-एक अंक के साथ कर रही हैं।
डूरंड कप
- फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल ने किक मारकर किया खेल का उद्घाटन
खेल का उद्घाटन मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने की। इस मौके पर उनके साथ थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, पूर्वी कमान के प्रमुख और डुरंड कप आयोजन समिति के संरक्षक लेफ्टिनेंट जनरल राम चंद्र तिवारी और लेफ्टिनेंट जनरल अभिजीत पेंढारकर जीओसी स्पीयर कॉर्प्स मौजूत रहे। राज्य सरकार और विभिन्न संस्थानों की ओर से भी गणमान्य लोग उपस्थित थे। माननीय मुख्य न्यायाधीश, मणिपुर हाई कोर्ट के न्यायाधीश केम्पैय्या सोमशेखर; मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह, मणिपुर के पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह, इंडियनऑयल के महाप्रबंधक (एलपीजी-ऑप्स) करुंग होइखुपंगिर कोम और भारतीय स्टेट बैंक के सहायक महाप्रबंधक ख. ओकेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।