चार गुणा 400 मीटर महिला रिले टीम की सदस्य स्नेहा कोलेरी को दक्षिण कोरिया के गुमी में एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम से बाहर किए जाने के एक दिन बाद स्टेनोजोलोल के लिए पॉजिटिव पाए जाने पर एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया है।
स्नेहा के अलावा वर्षा पर भी चला चाबुक
स्नेहा के अलावा धावक वर्षा टेकाम को भी एआईयू ने डोप परीक्षण से बचने के लिए अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया। डोपिंग रोधी निगरानी संस्था एआईयू ने कहा, 'एआईयू ने प्रतिबंधित पदार्थ (स्टेनोजोलोल) की मौजूदगी/उपयोग के लिए स्नेहा कोलेरी (भारत) को अस्थाई रूप से निलंबित कर दिया है।'
क्या है नियम?
बता दें कि, स्टेनोजोलोल एक प्रदर्शन बढ़ाने वाला एनाबॉलिक स्टेरॉयड है। एआईयू के अनुसार नियम 2.3 के तहत वर्षा को ‘किसी एथलीट द्वारा नमूना देने से बचने, मना करने या विफल रहने’ के लिए निलंबित किया गया।
एशियाई चैंपियनशिप से हटा दी गईं थीं स्नेहा
वर्षा पिछले साल पुणे हाफ मैराथन में एक घंटा 26 मिनट 22 सेकेंड के समय से दूसरे स्थान पर रही थी। स्नेहा को एशियाई चैंपियनशिप में जाने वाले दल से हटा दिया गया था लेकिन राष्ट्रीय महासंघ ने रविवार को इसका कारण बताने से इनकार कर दिया था। भारत के 59 सदस्यीय दल के अन्य सदस्य प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता के लिए गुमी पहुंच चुके हैं। यह प्रतियोगिता मंगलवार से शुरू हो रही है।