सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच अमेरिका के सख्त कोरोना टीकाकरण नियम के चलते फिर से इंडियन वेल्स और मियामी ओपन टूर्नामेंट से हट सकते हैं। अमेरिका ने कोरोना टीकाकरण को लेकर नियम बनाया है कि जो लोग अमेरिकी नहीं हैं, उन्हें अमेरिका में प्रवेश के लिए कोरोना टीकाकरण करना जरूरी है। इंडियन वेल्स और मियामी ओपन इस साल मार्च में खेले जाएंगे।
अमेरिका के परिवहन सुरक्षा प्रशासन (टीएसए) ने बताया कि 10 अप्रैल 2023 तक देश में आने वाले किसी भी विदेशी को कम से कम दो बार कोरोना टीका लगा होना चाहिए। जोकोविच ने अभी तक यह जानकारी नहीं दी है कि उन्होंने कोरोना टीकाकरण लगवाया है या नहीं। इसके कारण ही वह पिछले साल कम टूर्नामेंट में खेल पाए थे और इंडियन वेल्स व मियामी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था।