मुरली श्रीशंकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : सोशल मीडिया
लंबी कूद के भारतीय खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर को 8.09 मीटर की छलांग के साथ पेरिस डायमंड लीग में तीसरा स्थान हासिल हुआ। उन्होंने पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पोडियम हासिल किया। राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता श्रीशंकर ने शुक्रवार देर रात अपने तीसरे प्रयास में सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई।
ओलंपिक विजेता यूनान के एम. टेंटोग्लू और स्विट्जरलैंड के साइमन एहमर क्रमशः 8.13 मीटर और 8.11 मीटर की छलांग के साथ श्रीशंकर से आगे रहे। श्रीशंकर डायमंड लीग में शीर्ष-तीन स्थानों में जगह बनाने वाले तीसरे भारतीय बन गए।
श्रीशंकर से पहले भाला फेंक चैंपियन नीरज चोपड़ा और विकास गौड़ा थे। श्रीशंकर की प्रतिस्पार्धा के दौरान ज्यादातर हवा चलती रही। श्रीशंकर ने दूसरी बार डायमंड लीग में हिस्सा लिया। पिछले साल वह मोनाको डायमंड में छठे स्थान पर रहे थे।
श्रीशंकर के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा, ''श्रीशंकर मुरली ने पेरिस डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रचा। उनकी उल्लेखनीय छलांग ने उन्हें एक प्रतिष्ठित कांस्य पदक दिलाया। इससे भारत को डायमंड लीग में लंबी कूद में पहला पदक मिला। उन्हें बधाई और उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।''