यूएस ओपन का खिताब जीत नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी बनकर लौटे कार्लोस अल्कारेज को अपने देश में ही पहली हार का सामना करना पड़ा है। 12 सितंबर को जारी हुई एटीपी रैंकिंग में स्पेन के 19 वर्षीय अल्कारेज दुनिया के सबसे कम उम्र में नंबर एक खिलाड़ी बने थे। पांचवें दिन शुक्रवार को उन्हें डेविस कप के मुकाबले में दुनिया के 13वें नंबर के कनाडा के फेलिक्स ऑगर अलियासिम ने 6-7 (3), 6-4, 6-2 से शिकस्त दी। ग्रुप बी के मैच में कनाडा ने स्पेन को 2-1 से हरा दिया।
फेलिक्स ने सात ब्रेक प्वाइंट बचाए और 16 ऐस लगाए
पहला सेट अल्कारेज ने टाईब्रेक में जीत लिया था। इसके बाद कनाडाई खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की। घरेलू दर्शक पवेलियन से अल्कारेज का हौसला बढ़ा रहे थे। वहीं, फेलिक्स ने अपने आपको शांत रखा। उन्होंने अपनी सर्विस पर दबदबा बनाते हुए 16 ऐस लगाए और आखिर में दूसरे सेट में देर से और तीसरे सेट में दो बार अल्ज्कारेज की सर्विस तोड़कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। 22 वर्षीय फेलिक्स ने सभी सात ब्रेक प्वाइंट बचाकर अल्कारेज को दो घंटे 50 मिनट के मुकाबले में शिकस्त देकर 1-1 की बराबरी दिलाई।
युगल में भी जीते फेलिक्स
इसके बाद फेलिक्स ने युगल में अपनी लय जारी रखी, जिसमें उन्होंने वासेक पोस्पिसिल के साथ मिलकर मार्सेल ग्रेनोलर्स और पेड्रो मार्टिनेज की जोड़ी को 4-6, 6-4, 7-5 से हराया। ग्रुप के पहले मैच में रोबर्टो बतिस्ता आगुट ने पोस्पिसिल को 3-6, 6-3, 6-3 से हराकर स्पेन के लिए अच्छी शुरुआत की थी। ग्रुप मैच में रविवार को कनाडा का अगला मैच सर्बिया से और स्पेन का दक्षिण कोरिया से होगा।
ग्रुप की दो श्रेष्ठ टीमें नवंबर में होने वाले क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी। स्पने ने बुधवार को कार्लोस की अगवाई में सर्बिया को 3-0 से हराया था। ग्रुप बी में कनाडो दो मैच जीतकर पहले और स्पेन एक जीत व एक हार के साथ दूसरे नंबर पर है। सर्बिया एक जीत व एक कार के साथ तीसरे, जबकि दक्षिण कोरिया की टीम अभी दोनों मैच हार गई है। अल्कारेज और फेलिक्स के बीच यह दूसरा मुकाबला था। इससे पहले दोनों पिछले वर्ष यूएस ओपन के क्वार्टरफाइनल में भिड़ने वाले थे लेकिन अल्कारेज चोट के कारण क्वार्टरफाइनल नहीं खेले थे।