कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट ने पीएम मोदी को सुनाया पाकिस्तानी मुक्केबाज का दिलचस्प किस्सा
- फोटो : PMO-ANI
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा। देश ने 13 गोल्ड समेत कुल 39 मेडल अपनी झोली में डाले। भारत के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आवास पर मुलाकात की। इस दौरान रजत पदक जीतने वाले भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र ने पीएम मोदी के साथ पाकिस्तानी मुक्केबाज से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। किस्सा ऐसा था कि इसे सुनकर प्रधानमंत्री मोदी भी जोर-जोर से हंसने लगे।
पाकिस्तानी मुक्केबाज के खिलाफ पहली ही फाइट
नरेंद्र ने बताया कि वह साल 2015 में वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में हिस्सा लेने गए थे। वहां उनकी पहली फाइट ही एक पाकिस्तानी मुक्केबाज के साथ हुई थी। नरेंद्र ने बताया कि मुकाबले से पहले उन्हें भारतीय सेना की ओर से फोन आया था और कहा गया था कि चाहे जो हो जाए, पाकिस्तान से नहीं हारना है।"
भारतीय मुक्केबाज ने बताया कि उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ी के खिलाफ पहला बाउट 4-1 से जीत लिया। इसके बाद दूसरे बाउट में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। नरेंद्र के मुताबिक, वह यह मुकाबला भी 3-2 से जीतने में सफल रहे। हालांकि, इस मुकाबले के दौरान दोनों मुक्केबाजों के सिर आपस में टकरा गए, जिससे दोनों के सिर पर कट लग गया।
अस्पताल में हुई दोनों की मुलाकात
सिर में चोट लगने के बाद नरेंद्र और पाकिस्तानी मुक्केबाज दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी दौरान नरेंद्र ने पाकिस्तानी खिलाड़ी से हुई बातचीत का दिलचस्प किस्सा पीएम मोदी को सुनाया। नरेंद्र ने बताया कि भारतीय टीम के साथ भारतीय सेना की ओर से जो कोच गए थे, उनका नाम भी नरेंद्र राणा था। इसके अलावा उस समय नरेंद्र मोदी 2014 में देश के प्रधानमंत्री बन चुके थे। पाकिस्तानी मुक्केबाज ने जब इन तीनों नामों के बारे में जाना तो उसने नरेंद्र से मजाकिया अंदाज में कहा कि उसे अब इस नाम से ही नफरत हो गई है।
कॉमनवेल्थ मेडलिस्ट ने पीएम मोदी को सुनाया पाकिस्तानी मुक्केबाज का दिलचस्प किस्सा
- फोटो : PMO-ANI (Videograb)
पाकिस्तानी मुक्केबाज ने कहा- नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है
नरेंद्र ने पीएम मोदी को पाकिस्तानी मुक्केबाज की कही बात दोहराते हुए कहा, 'मैं आपसे एक बात कहूं, आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है। ऐसे में मुझे नरेंद्र नाम से ही नफरत हो गई है।' नरेंद्र का यह किस्सा सुनने के बाद पीएम मोदी जोर-जोर से हंसते नजर आए। खिलाड़ियों के साथ प्रधानमंत्री की यह मुलाकात कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन के बाद हुई।
फाइनल में गोल्ड से चूके नरेंद्र
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नरेंद्र ने 90 प्लस किलोग्राम कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। हालांकि, वह गोल्ड मेडल जीतने से सिर्फ एक कदम दूर रह गए। फाइनल मुकाबले में भारतीय मुक्केबाज का सामना इंग्लैंड के डामार थॉमस से हुआ। नरेंद्र को इस एकतरफा मुकाबले में 0-5 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
भारतीय मुक्केबाजों ने जीते 10 मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन लाजवाब रहा। पुरुष और महिला टीम ने मिलकर कुल 10 मेडल अपने नाम किए। नरेंद्र का रजत भी इसी शानदार प्रदर्शन का हिस्सा रहा। भारत ने पूरे कॉमनवेल्थ गेम्स में 13 गोल्ड समेत कुल 39 मेडल जीते और यह देश के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन रहा।