राष्ट्रमंडल खेल दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित बहु-खेल आयोजनों में से एक हैं। इन खेलों की शुरुआत वर्ष 1930 में 'ब्रिटिश एम्पायर गेम्स' के नाम से हुई थी। शुरुआती दौर में इसमें केवल ब्रिटिश साम्राज्य के अधीन रहे या उससे जुड़े देशों ने हिस्सा लिया था। समय के साथ प्रतियोगिता का दायरा बढ़ता गया और आज यह कॉमनवेल्थ देशों के खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ा खेल महाकुंभ बन चुका है। राष्ट्रमंडल खेल का आयोजन सामान्यतः हर चार साल में होता है। हालांकि, 1942 और 1946 में द्वितीय विश्व युद्ध के कारण इन खेलों का आयोजन नहीं हो पाया था।
भारत का सफर भी रहा खास
अविभाजित भारत ने ब्रिटिश शासन के दौरान 1934 और 1938 के राष्ट्रमंडल खेल में हिस्सा लिया था। 1947 में आजादी के बाद भारत और पाकिस्तान अलग-अलग देशों के रूप में इन खेलों में शामिल हुए। वहीं, 1971 में स्वतंत्रता मिलने के बाद बांग्लादेश ने भी राष्ट्रमंडल खेल में अपनी अलग पहचान बनाई। भारत को पहली और अब तक की एकमात्र बार 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल की मेजबानी का अवसर मिला था।
2026 में ग्लासगो बनेगा मेजबान
ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 का आयोजन 28 जुलाई से आठ अगस्त तक स्कॉटलैंड में होगा। यह चौथा मौका होगा जब स्कॉटलैंड इन खेलों की मेजबानी करेगा। 2022 तक इन खेलों में 72 देशों और क्षेत्रों ने हिस्सा लिया था, जबकि 2026 संस्करण में गैबॉन और टोगो पहली बार भाग लेंगे।
सबसे ज्यादा मेजबानी किस देश ने की?
राष्ट्रमंडल खेल की मेजबानी के मामले में ऑस्ट्रेलिया सबसे आगे है। उसने अब तक पांच बार इन खेलों का आयोजन किया है। इसके बाद कनाडा ने चार बार मेजबानी की है। 2026 के बाद स्कॉटलैंड भी चौथी बार मेजबान बन जाएगा। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड तीन-तीन बार इन खेलों की मेजबानी कर चुके हैं, जबकि भारत, मलयेशिया, जमैका और वेल्स को एक-एक बार आयोजन का अवसर मिला।
1930 से 2026 तक राष्ट्रमंडल खेल के मेजबान
| वर्ष |
मेजबान शहर |
देश |
| 1930 |
हैमिल्टन |
कनाडा |
| 1934 |
लंदन |
इंग्लैंड |
| 1938 |
सिडनी |
ऑस्ट्रेलिया |
| 1950 |
ऑकलैंड |
न्यूजीलैंड |
| 1954 |
वैंकूवर |
कनाडा |
| 1958 |
कार्डिफ |
वेल्स |
| 1962 |
पर्थ |
ऑस्ट्रेलिया |
| 1966 |
किंग्स्टन |
जमैका |
| 1970 |
एडिनबर्ग |
स्कॉटलैंड |
| 1974 |
क्राइस्टचर्च |
न्यूजीलैंड |
| 1978 |
एडमोंटन |
कनाडा |
| 1982 |
ब्रिस्बेन |
ऑस्ट्रेलिया |
| 1986 |
एडिनबर्ग |
स्कॉटलैंड |
| 1990 |
ऑकलैंड |
न्यूजीलैंड |
| 1994 |
विक्टोरिया |
कनाडा |
| 1998 |
कुआलालंपुर |
मलेशिया |
| 2002 |
मैनचेस्टर |
इंग्लैंड |
| 2006 |
मेलबर्न |
ऑस्ट्रेलिया |
| 2010 |
नई दिल्ली |
भारत |
| 2014 |
ग्लासगो |
स्कॉटलैंड |
| 2018 |
गोल्ड कोस्ट |
ऑस्ट्रेलिया |
| 2022 |
बर्मिंघम |
इंग्लैंड |
| 2026 |
ग्लासगो |
स्कॉटलैंड |
मेजबानी में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
ऑस्ट्रेलिया ने 1938, 1962, 1982, 2006 और 2018 में कुल पांच बार इन खेलों की मेजबानी की है। वहीं, कनाडा चार बार मेजबान बना। 2026 में ग्लासगो के साथ स्कॉटलैंड भी चार बार मेजबानी करने वाले देशों की सूची में शामिल हो जाएगा। इससे स्पष्ट होता है कि राष्ट्रमंडल खेल का आयोजन सबसे अधिक कॉमनवेल्थ के पारंपरिक खेल राष्ट्रों में ही हुआ है।