राष्ट्रमंडल खेलों के लिए जर्सी लॉन्च के दौरान अनुराग ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रमंडल खेल 2022 की शुरुआत 28 जुलाई से होनी है। इंग्लैंड के बर्मिंघम में होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत के 215 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें 108 पुरुष और 107 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, इन खिलाड़ियों की मदद के लिए 81 सहयोगी स्टाफ (कोच, सहायक कोच, फिजियो, मैनेजर) भी बर्मिंघम के लिए रवाना होंगे। इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी जारी हो चुकी है।
नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी लॉन्च की गई। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने और खिलाड़ियों की जर्सी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो बहुत खुश हैं कि इस बार महिला और पुरुष खिलाड़ी बराबर संख्या में कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा बनेंगे। हालांकि, अधिकतर खेलों में अभी भी महिला खिलाड़ियों की संख्या कम है, लेकिन महिला क्रिकेट टीम को मौका मिलने की वजह से महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों के बराबर हो गई है।