फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG: 10वें दिन भारत के तीन मुक्केबाजों ने जीते स्वर्ण, टीटी-ट्रिपल जंप में भी गोल्ड, सिंधु-लक्ष्य फाइनल में

Mon, 08 Aug 2022 12:50 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बर्मिंघम

सार

India At Birmingham Commonwealth Games 2022: भारत ने 10वें दिन पांच स्वर्ण, चार रजत और छह कांस्य समेत कुल 15 पदक जीते। भारत के कुल पदकों की संख्या 55 पहुंच गई है। इनमें 18 स्वर्ण, 15 रजत और 22 कांस्य शामिल हैं। भारत पदक तालिका में फिलहाल पांचवें स्थान पर है।
विज्ञापन
निकहत जरीन, अमित पंघाल और नीतू - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन (रविवार) भारतीय मुक्केबाजों ने कमाल दिखाया। रविवार को भारत ने कुल पांच स्वर्ण जीते। इनमें से तीन स्वर्ण मुक्केबाजों  के नाम रहे। भारत की दो महिला और एक पुरुष मुक्केबाज ने स्वर्ण जीता। महिलाओं के 45-48 किलोग्राम भारवर्ग में नीतू घणघस और 48-50 किलोग्राम भारवर्ग में निकहत जरीन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
विज्ञापन


वहीं, पुरुषों के 48-51 किलोग्राम भारवर्ग में अमित पंघाल ने भी स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा टेबल टेनिस (टीटी) में मिक्स्ड डबल्स में अचंता शरत कमल और श्रीजा अकुला की जोड़ी ने कमाल दिखाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

विज्ञापन

अब्दुल्ला और एल्डहॉस पॉल

इसके अलावा ट्रिपल जंप में एल्डहॉस पॉल ने इतिहास रचा और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वह राष्ट्रमंडल खेलों में इस इवेंट स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा बैडमिंटन में पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन फाइनल में पहुंच गए हैं। इन दोनों से भी स्वर्ण की उम्मीद है।

भारत ने 10वें दिन 15 पदक जीते

बाएं से- निकहत, एल्डहॉस, अमित, नीतू और शरत-श्रीजा (टेबल टेनिस) - फोटो : सोशल मीडिया
भारत ने 10वें दिन पांच स्वर्ण, चार रजत और छह कांस्य समेत कुल 15 पदक जीते। भारत के कुल पदकों की संख्या 55 पहुंच गई है। इनमें 18 स्वर्ण, 15 रजत और 22 कांस्य शामिल हैं। भारत पदक तालिका में फिलहाल पांचवें स्थान पर है।

ऑस्ट्रेलिया 66 स्वर्ण, 55 रजत और 53 कांस्य समेत कुल 174 पदक के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, इंग्लैंड 55 स्वर्ण, 59 रजत और 52 कांस्य समेत 166 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 26 स्वर्ण, 31 रजत और 34 कांस्य समेत 91 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

भारत के पदक विजेता

शरत कमल और श्रीजा अकुला स्वर्ण के साथ - फोटो : सोशल मीडिया
  • 18 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिफ्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया, रवि दहिया, विनेश फोगाट, नवीन, भाविना (पैरा टेबल टेनिस), नीतू घणघस, अमित पंघाल, एल्डहॉस पॉल, निकहत जरीन, शरत कमल-श्रीजा अकुला।
  • 15 रजतः संकेत सरगर, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक, प्रियंका, अविनाश साबले, पुरुष लॉन बॉल टीम, अब्दुल्ला अबोबैकर, शरत और साथियान, भारतीय महिला क्रिकेट टीम, सागर।
  • 22 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल, जैस्मिन, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, मोहम्मद हुसामुद्दीन, दीपक नेहरा, रोहित टोकस, महिला हॉकी टीम, संदीप कुमार, अन्नू रानी, सौरव घोषाल-दीपिका, किदांबी श्रीकांत, त्रिषा-गायत्री।

पहले जानें 10वें दिन भारत का प्रदर्शन कैसा रहा

पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन - फोटो : सोशल मीडिया
  • ट्रिपल जंप में भारत ने रचा इतिहास, स्वर्ण और रजत दोनों जीते।
  • भारतीय मुक्केबाजों का कमाल, निकहत, अमित और नीतू ने स्वर्ण जीता, सागर को रजत।
  • टेबल टेनिस में शरत कमल का कमाल, श्रीजा के साथ मिक्स्ड डबल्स में गोल्ड जीता, एकल फाइनल में भी पहुंचे।
  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता रजत।
  • स्क्वैश में सौरव घोषाल-दीपिका पल्लीकल ने कांस्य जीता।
  • बैडमिंटन में पीवी सिंधु-लक्ष्य सेन फाइनल में।
  • टेबल टेनिस में मेन्स डबल्स में शरत कमल और साथियान की जोड़ी फाइनल में हारी, रजत से संतोष करना पड़ा।
  • टेबल टेनिस में साथियान पुरुष एकल के सेमीफाइनल में हारे, कांस्य के लिए भिड़ेंगे।
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य जीता।
  • अन्नू रानी ने महिलाओं की जैवलिन थ्रो में कांस्य जीता।
  • 10,000 मीटर पैदल चाल में संदीप ने कांस्य पदक जीता।
  • बैडमिंटन में किदांबी श्रीकांत ने कांस्य पदक जीता।
  • बैडमिंटन में महिला डबल्स में त्रिषा और गायत्री ने जीता कांस्य।
  • मेन्स जैवलिन में मनू और रोहित क्रमश: पांचवें और छठे स्थान पर रहे।
  • महिला 400 मीटर रिले रेस टीम पदक से चूकी।
  • पुरुषों के 4*400 मीटर रिले रेस में भारत सातवें स्थान पर।

ट्रिपल जंप में भारत ने रचा इतिहास


एल्डहॉस पॉल और अब्दुल्ला

ट्रिंपल जंप में भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। भारत के एल्डहॉस पॉल और अब्दुल्ला ने शुरुआती दो स्थानों पर जगह बनाई है। एल्डहॉस ने 17.03 मीटर की दूरी तय करने के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, अब्दुल्ला अबूबैकर ने 17.02 मीटर की दूरी तय करने के साथ रजत पदक पर कब्जा किया। भारत के ही प्रवीन चितरले चौथे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीतने से सिर्फ 0.03 मीटर दूर रह गए। उन्होंने 16.89 मीटर की दूरी तय की। 

भारतीय मुक्केबाजों का कमाल, 10वें दिन चार पदक जीते

निकहत, अमित और नीतू - फोटो : सोशल मीडिया
  • बॉक्सिंग में महिलाओं के 45-48 किग्रा भारवर्ग में नीतू घणघस ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल मैच में इंग्लैंड की डेमी जाडे को 5-0 से हराया। 
  • पुरुषों के 48-51 किग्रा भारवर्ग में अमित पंघाल ने भी स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने इंग्लैंड के किआरन मैकडोनाल्ड को 5-0 हराया। यह बॉक्सिंग में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक रहा। 
  • महिलाओं के 48-50 किग्रा भारवर्ग में वर्ल्ड चैंपियन निकहत जरीन ने स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने उत्तरी आयरलैंड की कार्ली को 5-0 से हराया। यह बॉक्सिंग में तीसरा स्वर्ण रहा। निकहत का यह पहला राष्ट्रमंडल खेल है और उन्होंने स्वर्ण से शुरुआत की।
  • सुपर हेवीवेट कैटेगरी यानी 92 किलोग्राम भारवर्ग में भारत के सागर अहलावत को रजत से संतोष करना पड़ा। उन्हें फाइनल में इंग्लैंड के डेलिशियस ओरी ने 5-0 से हरा दिया।
  • भारत ने बर्मिंघम में बॉक्सिंग में तीन स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीता। इन चारों से पहले रोहित टोकस, जैस्मिन और मोहम्मद हुसामुद्दीन ने कांस्य जीता था।

टेबल टेनिस में शरत कमल का कमाल

अचंता शरत कमल और श्रीजा अकुला - फोटो : सोशल मीडिया
  • टेबल टेनिस में भारत ने दूसरा स्वर्ण जीता। मिक्स्ड डबल्स में भारत के अचंता शरत कमल और श्रीजा अकुला की जोड़ी ने मलेशिया की जेवेन चूंग और केरेन लीन की जोड़ी को 11-4, 9-11, 11-5, 11-6 से हरा दिया और 4-1 से मैच अपने नाम किया। यानी भारतीय जोड़ी ने चार गेम जीते, जबकि मलेशिया की जोड़ी को एक गेम में जीत हासिल हुई। इससे पहले भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने भी स्वर्ण जीता था। 
  • शरत कमल ने पुरुष एकल के फाइनल में भी जगह बना ली है और कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।  सेमीफाइनल मुकाबले में अचंता शरत कमल ने इंग्लैंड के पॉल ड्रिंकहॉल को 11-8, 11-8, 8-11, 11-7, 9-11, 11-8 के अंतर से हराया। 
  • पुरुष युगल में शरत कमल और साथियान ज्ञानशेखरन की जोड़ी को इंग्लैंड के ड्रिंकहॉल पॉल और लियम पिचफोर्ड के खिलाफ 11-8, 8-11, 3-11, 11-7, 4-11 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय जोड़ी ने रजत पदक अपने नाम किया।
  • महिला एकल मुकाबले में कांस्य पदक के मैच में श्रीजा अकुला को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही उन्होंने कांस्य पदक जीतने का मौका गंवा दिया। अकुला को ऑस्ट्रेलिया की यांगजी लियू ने 4-3 से हराया।  
  • भारत के टेबल टेनिस प्लेयर साथियान ज्ञानशेखरन मेन्स सिंगल्स के सेमीफाइनल में हार गए। उन्हें सेमीफाइनल में इंग्लैंड लियाम पिचफोर्ड ने 4-1 से हराया। पिचफोर्ड ने ज्ञानशेखरन को 11-5, 4-11, 11-8, 11-9, 11-9 से हराया। अब साथियान ब्रॉन्ज मेडल मैच में इंग्लैंड के ही पॉल ड्रिंकहॉल से सोमवार को भिड़ेंगे।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता रजत

भारतीय महिला क्रिकेट टीम - फोटो : BCCI
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने 9 रन से हरा दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 161 रन बनाए थे। बेथ मूनी ने 61 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 152 रन पर ऑलआउट हो गई। हरमनप्रीत कौर ने 65 रन की पारी खेली।

एक वक्त भारतीय टीम ने तीन विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए थे। इसके बाद से विकेट नियमित अंतराल पर गिरे और भारतीय टीम मैच हार गई। फाइनल में हारकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को रजत से ही संतोष करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ने ऐतिहासिक स्वर्ण अपने नाम किया। महिला क्रिकेट को पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया है।

स्क्वैश में सौरव घोषाल-दीपिका पल्लीकल ने कांस्य जीता



दीपिका पल्लीकल और सौरव घोषाल की जोड़ी ने स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने कांस्य पदक के मैच में ऑस्ट्रेलिया की लोब्बन डोना और पिले कैमरून की जोड़ी को 2-0 से हराया। पल्लीकल और सौरव ने पहला गेम 11-8 और दूसरा गेम 11-4 से जीत लिया। 

दीपिका और सौरव ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था। हालांकि, इस बार यह जोड़ी कमाल नहीं कर सकी और सेमीफाइनल में हार गई। हालांकि, कांस्य पदक मैच में भारतीय जोड़ी ने जीत हासिल की। 

बैडमिंटन में सिंधु-लक्ष्य सेन फाइनल में

With Sindhu, Srikanth and Lakshya, India's hopes high for badminton |  Deccan Herald
श्रीकांत, पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन
  • पीवी सिंधु ने महिला एकल के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में सिंगापुर की जिया मिन को 21-19, 21-17 से हराया।
  • बैडमिंटन में पुरुष एकल के सेमीफाइनल मैच में लक्ष्य सेन ने सिंगापुर के जिया हेंग तेह को 21-10, 18-21, 21-16 के अंतर से हराया है। इसके साथ ही उन्होंने फाइनल में जगह बना ली है और कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना पहला पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने तीसरे गेम में आखिरी पांच प्वाइंट लेकर जीत हासिल की।
  • किदांबी श्रीकांत ने कांस्य पदक जीत लिया है। उन्हंने ब्रॉन्ज मेडल मैच में सिंगापुर के जिया हेंग तेह को लगातार गेमों में 21-15, 21-18 से हरा दिया। श्रीकांत को सेमीफाइनल में मलेशिया के एंगत्जे योंग ने हराया था। इस तरह श्रीकांत गोल्ड की रेस से बाहर हो गए थे।
  • महिला डबल्स में त्रिषा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला की जोड़ी ने कांस्य पदक जीत लिया। कांस्य पदक के मैच में भारतीय जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की सुआन यू वेंडी चेन और सोमरविल की जोड़ी को लगातार गेमों में 21-15, 21-18 से हराया। 

भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य जीता

भारतीय महिला हॉकी टीम - फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक मैच में न्यूजीलैंड को हरा दिया। उसने पेनल्टी शूटआउट में कीवी टीम को 2-1 से हराया। निर्धारित 60 मिनट तक दोनों टीमों ने 1-1 गोल किए थे। भारत के लिए पहला गोल सलिमा टेटे ने किया था। वहीं, न्यूजीलैंड की ओलिविया मैरी ने आखिरी मिनट में गोल कर मैच को पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा दिया। वहां भारतीय कप्तान सविता पूनिया ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए न्यूजीलैंड के चार प्रयासों को नाकाम किया।

टीम इंडिया 16 साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने में सफल हुई है। भारत ने 2002 में स्वर्ण और 2006 में रजत पदक अपने नाम किया था। भारत को सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पेनल्टी शूटआउट में 3-0 से हराया था। निर्धारित 60 मिनट तक स्कोर 1-1 था। यहां भी मैच पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, लेकिन इस बार महिला टीम ने कोई गलती नहीं की।

जैवलिन

अन्नू रानी - फोटो : सोशल मीडिया
  • अन्नू रानी ने महिलाओं की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। उनका सबसे बेहतरीन प्रयास 60 मीटर का रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की केल्सी ने 64 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
  • पुरुषों के जैवलिन थ्रो में भारत के डीपी मनू पांचवें और रोहित यादव छठे स्थान पर रहे। मनू ने 82.28 मीटर और रोहित ने 82.22 मीटर का जैवलिन थ्रो किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 90.18 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता। यह कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड है। वर्ल्ड चैंपियन एंडरसन पीटर्स 88.64 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता।

10,000 मीटर पैदल चाल में संदीप ने कांस्य पदक जीता



पुरुषों की 10,000 मीटर पैदल चाल में संदीप ने कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने 38:42.33 मिनट में अपनी रेस पूरी की। कनाडा के इवांस ने 38.37.36 मिनट में अपनी रेस खत्म कर स्वर्ण पदक जीता।

महिला 400 मीटर रिले रेस टीम पदक से चूकी



महिला 400 मीटर रिले रेस में भारत की दुती चंद, हिमा दास, सरबनी नंदा और ज्योति की टीम पांचवें स्थान पर रही और पदक जीतने से चूक गई। भारतीय जोड़ी ने 43.81 सेकेंड में अपनी रेस पूरी की। नाइजीरिया ने स्वर्ण पदक जीता और इंग्लैंड ने रजत पदक अपने नाम किया जमैका ने कांस्य पदक जीता। 
विज्ञापन

पुरुषों के 4*400 मीटर रिले रेस में भारत सातवें स्थान पर



पुरुषों के 4*400 मीटर रिले रेस में भारतीय टीम छठे स्थान पर रही। भारत की मोहम्मद अनीस याहिया, अजमल वरियाथोडी, नगनाथन पंडी और अमोज जैकब की चौकड़ी ने 3 मिनट पांच मिनट का समय लिया। त्रिनिदाद एंड टोबैगो पहले स्थान पर और बोस्ताना दूसरे स्थान पर रहा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें