अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गॉफ ने चीन ओपन के राउंड ऑफ 32 मुकाबले के दौरान हुई एक घटना को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का करारा जवाब दिया है। गॉफ ने अपने ऊपर लगे आरोपों का बचाव करते हुए कहा कि वह न तो धोखेबाज हैं और न ही चोर। उन्होंने सोशल मीडिया पर की जा रही नस्लभेदी टिप्पणियों पर भी नाराजगी जताई। गॉफ ने चीन ओपन के राउंड ऑफ 32 में चीन की सुन शिनरान को 7-5, 6-1 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। हालांकि, मुकाबले के पहले सेट में हुई एक घटना के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा।
क्या था पूरा मामला?
- पहले सेट में गॉफ 4-5 के स्कोर पर सर्विस कर रही थीं। स्कोर 15-15 था, जब उन्होंने एक अंक गंवा दिया। इसके बाद गॉफ ने कोर्ट पर लगे एलईडी विज्ञापन बोर्ड के टिमटिमाने को लेकर चेयर अंपायर से बात की।
- गॉफ की शिकायत के बाद वह प्वॉइंट दोबारा खेला गया। इसके बाद उन्होंने गेम और फिर सेट 7-5 से अपने नाम कर लिया। इसी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने गॉफ पर अनुचित तरीके से फायदा उठाने का आरोप लगाया।
- घटना के बाद गॉफ को नस्लभेदी टिप्पणियों का भी सामना करना पड़ा। इस पर उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक प्रशंसक को जवाब देते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
'मैं कोई धोखेबाज या चोर नहीं हूं'
- गॉफ ने लिखा, 'आप सभी बिना नस्लभेदी हुए मुझे नापसंद कर सकते हैं या जो हुआ उससे असहमत हो सकते हैं। पिछले कुछ घंटों में मुझे जितने नस्लभेदी कमेंट्स आए हैं, वह पागलपन है। आखिर में, मैं कोई धोखेबाज या चोर नहीं हूं।'
- उन्होंने घटना को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने प्वॉइंट की शुरुआत में एलईडी बोर्ड को टिमटिमाते हुए देखा था, लेकिन उस समय उन्हें पूरी तरह यकीन नहीं था कि उन्होंने वास्तव में ऐसा देखा है।
- गॉफ ने कहा, 'हमें मैच से पहले बताया जाता है कि हम खेल खत्म कर सकते हैं, इसलिए इसे ध्यान में रखें। प्वॉइंट खत्म होने के बाद किसी भी चीज को चैलेंज किया जा सकता है। अगर मैं प्वॉइंट हार जाती, तो मेरी विपक्षी भी वही करने और रीप्ले मांगने के लिए आजाद होती। ऐसा करना उसका हक होता।'
'यह मेरे नियंत्रण से बाहर था'
- गॉफ ने आगे बताया कि जब स्कोरबोर्ड एक बार फिर टिमटिमाया, तब उन्हें यकीन हो गया कि उन्होंने वास्तव में लाइट को चमकते हुए देखा था। इसके बाद उन्होंने अपने हाथ ऊपर किए।
- उन्होंने कहा, 'जब स्कोरबोर्ड फिर से टिमटिमाया, तो मैंने उसके शॉट मारने से पहले अपने हाथ ऊपर कर लिए क्योंकि तभी मुझे यकीन हो गया था कि मैंने लाइट टिमटिमाते देखी है, और यह मेरा दिमाग नहीं कर रहा था। यह एक बुरी स्थिति थी और मेरे नियंत्रण से बाहर है।'
- गॉफ ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि इस पूरे मामले में उन्हें गलत ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा, 'यह नियम हैं, जिसे मैंने नहीं बनाया है।'
- गॉफ की इस जीत के साथ चीन ओपन में उनका अभियान आगे बढ़ गया है, लेकिन मैच के दौरान हुई यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।