बॉक्सिंग की दुनिया के महान खिलाड़ी माइक टायसन अब व्हीलचेयर के सहारे चलने के लिए मजबूर हो चुके हैं। माइक टायसन की कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जो मियामी एयरपोर्ट से ली गई हैं। इन तस्वीरों में टायसन व्हीलचेयर में बैटे हुए दिखाई दे रहे हैं और उनका गार्ड उन्हें लेकर जा रहा है। उनकी तस्वीरें देखकर साफ पता चल रहा है कि टाइसन की सेहत ठीक नहीं है। माइक टायसन पीठ की चोट से जूझ रहे हैं और इससे पहले न्यूयॉर्क में उन्हें छड़ी के सहार चलते हुए भी देखा गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार माइक टायसन साइटिका से जूझ रहे हैं और वो व्हील चेयर के सहारे चल रहे हैं, ताकि उनकी चोटिल पीठ पर कम से कम दबाव पड़े। हालांकि रिपोर्ट में आगे यह भी बताया गया है कि माइक टायसन को कोई बड़ी चोट नहीं है और उनके लिए कोई चिंता की बात नहीं है। टायसन जैसे एथलीट के लिए ऐसी चोट बहुत ही साधारण है। हालांकि, माइक टायसन ने कुछ दिन पहले ही एक पॉडकास्ट में कहा था कि वो धीरे-धीरे अपने अंतिम समय के करीब पहुंच रहे हैं।
अपनी मौत को लेकर क्या बोले थे टायसन
माइक टायसन ने पॉडकास्ट में कहा था "निश्तित रूप से एक दिन हम सभी को मरना है। जब मैं शीशे में देखता हूं तो मुझे अपने चेहरे पर छोटे-छोटे गड्ढे दिखाई देते हैं। मैं कहता हूं, वाह, मेरा अंतिम समय नजदीक आ रहा है। यह बहुत करीब है।" 56 साल के टायसन पूरी दुनिया में महान बॉक्सर के रूप में मशहूर हैं। अपने समय पर उन्होंने कई लड़ाइयां जीतीं और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने लंबे समय तक बॉक्सिंग की दुनिया में राज किया।
साल 2005 में केविन मैकब्राइड के खिलाफ हार के बाद उन्होंने बॉक्सिंग को अलविदा कह दिया था। हालांकि, 2020 में टायसन ने रिंग में वापसी की और एक मैच खेला। इसे ड्रॉ करार दिया गया था।