छह ओलंपिक स्वर्ण पदकों के विजेता जमैका के उसेन बोल्ट ने लंदन डायमंड लीग में 100 मीटर फर्राटा दौड़ जीतने के बाद चार गुणा 100 मीटर रिले का भी स्वर्ण पदक जीतकर अपना डबल पूरा कर लिया।
धरती के सबसे तेज धावक बोल्ट की अगुवाई में जमैकाई चौकड़ी ने 37.75 सेकेंड का मीट रिकॉर्ड बनाते हुए रिले में स्वर्ण जीता। लंदन ओलंपिक शुरू होने के एक साल बाद बोल्ट ने 24 घंटे के अंदर दो स्वर्ण पदक जीते।
जमैकाई चौकड़ी में बोल्ट के अलावा मारियो फोरसिथे, कोल कैमर बेली और वादेन वेयर शामिल थे। फ्रांस को 38.58 सेकेंड के साथ रजत और कनाडा को 38.58 सेकेंड के साथ कांस्य पदक मिला।
26 साल के बोल्ट ने अपनी दोहरी कामयाबी से यह दिखा दिया कि वह मास्को में अगस्त में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए तैयार हैं। बोल्ट ने शुक्रवार को 100 मी फर्राटा दौड़ में 9.85 सेकेंड का सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए स्वर्ण जीता था।
इस बीच, लंदन ओलंपिक के दोहरे स्वर्ण विजेता ब्रिटेन के मोहम्मद फराह ने 3000 मीटर दौड़ में एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज कर ब्रिटेनवासियों को जश्न मनाने का मौका दे दिया। फराह ने सात मिनट 36.85 सेकेंड का समय लेकर यह रेस जीती।
अमेरिका के देयान हिल (7:42.32) को रजत और एंड्रयू बुम्बालोफ (7:42.91) को कांस्य पदक मिला। ब्रिटेन के लिए शनिवार का दिन तिहरी स्वर्णिम उपलब्धियों वाला रहा।
फराह की कामयाबी के अलावा ब्रिटेन की क्रिस्टिन ओहूओगो ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ और कैटरीना जानसन थाम्पसन ने लंबी कूद में स्वर्ण जीते।
बाधा दौड़ की क्वीन कही जाने वाली ऑस्ट्रेलिया की सैली पियरसन ने 12.65 सेकेंड के सत्र के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ जीती।
ओलंपिक और विश्व चैंपियन पियरसन ने इस जीत से दिखाया कि वह अपनी हैमस्ट्रिंग चोट से उबर चुकी हैं ओर विश्व चैंपियनशिप के लिए तैयार हैं।