भारतीय ओलंपिक संघ के चुनाव की सेज सज गई है। इंडियन बॉक्सिंग फेडरेशन के चेयरमैन अभय सिंह चौटाला ने जहां अध्यक्ष पद के लिए वहीं उन्हीं के कैंप से ललित भनोट ने सेक्रेटरी जनरल के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। चौटाला को अध्यक्ष पद के लिए आईओए के वर्तमान सेक्रेटरी जनरल रंधीर सिंह की ओर से चुनौती मिलेगी।
आईओए चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आज अंतिम तिथि थी। चौटाला ने कहा कि उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह चुनाव जीतकर आईओए के नए अध्यक्ष बनेंगे। वहीं सारी निगाहें ललित भनोट के नामांकन को लेकर थीं। लेकिन उन्होंने सेक्रेटरी जनरल पद पर दावा जता दिया है।
भनोट का कहना है कि समर्थकों के दबाव पर वह चुनाव लड़ रहे हैं। दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन से उन्होंने नामांकन दाखिल किया है। इस चुनाव से कॉमनवेल्थ गेम्स के मामलों का कोई लेना देना नहीं है। यही नहीं उन्हें पूरा भरोसा है कि वह इस चुनाव में विजय हासिल करेंगे। चौटाला कैंप से इन दोनों के अलावा स्वीमिंग फेडरेशन के नानावती ने सीनियर वाइस प्रेसीडेंट व स्क्वैश फेडरेशन के रामाचंद्रन ने ट्रेजरॉर के लिए नामांकन भरा है।
दूसरी ओर रंधीर सिंह कैंप की ओर से नामांकन को लेकर अब तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है रंधीर के साथ कबड्डी फेडरेशन के जनार्दन सिंह गहलोत ने नामांकन दाखिल किया है। रिटर्निंग ऑफिसर सेवानिवृत जज वीके बाली नामांकनों की छटनी के बाद अंतिम सूची की घोषणा करेंगे।