सात बार के बैलन डिओर विजेता लियोनल मेसी 2005 के बाद पहली बार इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामित 30 खिलाड़ियों में शामिल नहीं हैं। जबकि मेसी के प्रबल प्रतिद्वंद्वी पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस रेस में शामिल हैं। पिछले सीजन में रोनाल्डो ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए प्रीमियर लीग में सर्वाधिक गोल किए। इस रेस में करीम बेंजेमा और थिबॉट कर्टोइस मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं जिन्होंने ला लिगा, यूईएफए चैंपियंस लीग और यूईएफए सुपरकप जीतने में टीम की मदद की। ब्राजील के नेमार भी इस बार सूची में नहीं हैं।
अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर मेसी ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सात बार जीता है। वहीं, क्रिस्टियानो रोनाल्डो 5 बार यह पुरस्कार जीत चुके हैं। उन्होंने पिछले साल कड़ी रेस में पोलैंड के रॉबर्ट लेवानडॉस्की को पछाड़ा था। फ्रांसीसी क्लब पेरिस सेंट जर्मेन के साथ पहले सत्र में औसत प्रदर्शन के कारण उन्हें इस बार नामांकन नहीं मिला है। उससे पहले वह स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के लिए खेल रहे थे। मेसी ने 2019 में भी यह पुरस्कार जीता था लेकिन 2020 में कोरोना महामारी के कारण यह पुरस्कार नहीं दिया गया था।
एम्बापे-सालाह और केन भी रेस में
रॉबर्ट लेवानडॉस्की, किलियन एम्बापे, करीम बेंजेमा, मोहम्मद सालाह, सादियो माने, केविन डि ब्रुइन, लुका मौद्रिच और हैरी केन के भी नाम हैं। इंग्लिश क्लब लिवरपूल और मैनचेस्टर सिटी के अलावा स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड के सबसे ज्यादा 6-6 खिलाड़ी नामित हुए हैं।
ये तीस नामित : थिबॉट कर्टोइस, राफेल लियो, क्रिस्टोफर नकुंकू, मोहम्मद सालाह, जोशुआ किमिच, ट्रेंट अलेक्जेंडर, विनीसियस जूनियर, बर्नार्डो सिल्वा, लुइस डियाज, रॉबर्ट लेवानडॉस्की, रियाद महरेज, कासेमिरो, सोन ह्युंग-मिन, फैबिन्हो, करीम बेंजेमा, माइक मेगनन, हैरी केन, डार्विन नुनेज, फिल फोडेन, सादियो माने, हॉलर, लुका मोदरिच, एंटोनियो रुडिगर, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, केविन डि ब्रुइन, दुसान व्लाहोविक, वर्जिल वैन डाइक, कैंसेलो, एम्बापे और हालैंड।