युवा भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मानसी सिंह को रविवार को महिला एकल फाइनल में चीन की शू वेन जिंग से हारने के बाद इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट में उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। उत्तर प्रदेश की 21 वर्षीय मानसी को विश्व की 81वें नंबर की चीन की खिलाड़ी के खिलाफ 16-21, 8-21 से हार का सामना करना पड़ा।
कैसा रहा मानसी का सफर?
विश्व रैंकिंग में 76वें स्थान पर काबिज इस भारतीय खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में कनाडा की रेशेल चान को हराया था, जबकि शू ने तीसरी वरीय प्राप्त भारत की अनमोल खरब को मात दी थी। इस साल फरवरी में युगांडा इंटरनेशनल चैलेंज में भी उपविजेता रहीं मानसी ने चान पर जीत दर्ज करने से पहले हांगकांग की लो सिन यान हैप्पी, हमवतन और दूसरी वरीयता प्राप्त रक्षिता रामराज तथा हांगकांग की सलोनी समीरभाई मेहता को हराया था।