भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने महामारी के खतरे और अनियमितताओं के बीच बुधवार को थाईलैंड ओपन में पहले दौरा का मुकाबला जीत लिया। बैंकॉक में मंगलवार से शुरू हुए थाईलैंड ओपन के पहले दौर में उन्होंने मलयेशिया की खिलाड़ी किसोना सेल्वादुरे को सीधे सेटों में 21-15, 21-15 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। वहीं पुरुषों में एचएस प्रणॉय को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मलयेशिया के ली जी जिया के हाथों 21-13, 14-21 और 8-21 से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। हार के साथ ही प्रणॉय टूर्नामेंट से भी बाहर हो गए।
पुरूष युगल में सात्विक साईराज रंकिरेड्डी और चिराग शेट्टी ने एक गेम हारने के बाद वापसी करते हुए कोरिया के किम जि जुंग और ली योंग डाए को 19-21, 21-16, 21-14 से हराया। वहीं अर्जुन एम रामचंद्रन और ध्रुव कपिला को मलेशिया के ओंग यू सिन और टियो ई यि ने 13-21, 21-8, 24-22 से मात दी। मिश्रित युगल में एन सिक्की रेड्डी और सुमीत रेड्डी बी भी पहले दौर में चुंग मैन तांग और योंग सुएत से 20-22, 17-21 से हार गए।