ओलंपिक रजत पदक पीवी सिंधु थाइलैंड ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी हैं। एकल महिला बैडमिंटन में शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने मलेशिया की सोनिया चेह को 21-17, 21-13 से सीधे सेट में मात दी। यह पहला मौका होगा जब सिंधु ने थाईलैंड ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में जगह बनाई हो।
36 मिनट चले इस मुकाबले में दुनिया की 35वें नंबर की खिलाड़ी सोनिया को हराने के बाद अब दुनिया की नंबर तीन शटलर सिंधु का सामना इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मरिस्का तुनजुंग से होगा। सिंधु अगर इस टूर्नामेंट को जीतती हैं, तो वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली वाली वह दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बन जाएंगी। इससे पहले 2012 में साइना नेहवाल ने यह खिताब हासिल कर चुकीं हैं।
इस मैच के पहले गेम में सोनिया ने इंटरवल तक सिंधु पर 11-7 की बढ़त बना ली थी। ब्रेक के बाद सिंधु ने आक्रामक वापसी करते हुए चार गेम प्वाइंट हासिल किए। सोनिया ने एक गेम पॉइंट बचाया जिसके बाद सिंधु ने स्मैश मारते हुए पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में सिंधु 11-9 की बढ़त बनाने में सफल रहीं। इसके बाद उन्होंने लगातार नौ अंक हासिल कर जीत की राह पर बढ़ गईं। अंत तक सोनिया वापसी के प्रयास करतीं रहीं, लेकिन उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। इसी के साथ भारतीय शटलर 3,50,000 डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाबी रहीं।