ग्लास्गो में संपन्न वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप्स में सिलवर मेडल जीतने वाली पीवी सिंधू और ब्रोंज मेडलिस्ट सायना नेहवाल तथा क्वार्टरफाइनल तक पहुंचे किदंबी श्रीकांत को खेल मंत्री विजय गोयल ने गुरुवार को सम्मानित किया। इस दौरान खेल मंत्री ने भारतीय बैडमिंटन टीम के हेड कोच पुलेला गोपीचंद और सायना नेहवाल के कोच विमल कुमार को भी सम्मानित किया।
भारत की स्टार महिला शटलर पीवी सिंधू को वर्ल्ड चैंपियनशिप्स के फाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा से 110 मिनट के मैराथन मुकाबले के बाद शिकस्त झेलना पड़ी थी। वहीं सायना का सफर भी सेमीफाइनल में ओकुहारा ने ही रोका था। उधर, मेंस सिंगल्स में किदंबी श्रीकांत को क्वार्टर फाइनल में सोन वान हो से शिकस्त झेलना पड़ी थी।
खेल मंत्री ने अपने आवास पर शटलरों व कोच का सम्मान किया। गोयल ने कहा, 'हमारे लिए यह खुशी का दिन है कि हम इन खिलाड़ियों का सम्मान कर रहे हैं, जिन्होंने हमारे देश का मान बढ़ाया है। हम विश्व चैंपियन हैं क्योंकि हमारे पास दो पदक हैं।' सिंधू ने खेल मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा, 'मुझे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में देश में काफी टैलेंटेड शटलर निकलकर आएंगे। फाइनल काफी मुश्किल और लंबा था।'
ब्रोंज मेडल जीतने वाली सायना ने कहा, 'मैं खेल मंत्री का शुक्रिया अदा करती हूं। वह हमेशा हमारा समर्थन करते हैं। चोट के बाद आकर इस तरह का प्रदर्शन करना मेरे लिए सकारात्मक पहलू है। हमारे देश में अब चैंपियन पैदा करना मुश्किल नहीं है। एक दिन वो भी आएगा जब हमारे यहां से चीन और जापान की तरह चैंपियन निकलकर आएंगे।'