मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन सौरभ वर्मा ने रविवार को हैदराबाद ओपन बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 100 टूर्नामेंट का पुरूष एकल का खिताब जीत लिया है। सौरभ ने फाइनल में सिंगापुर के लोह कीन यियू को हराकर ये खिताब अपने नाम किया।
मध्य प्रदेश के 26 साल के सौरभ ने शानदार खेल दिखाते हुए विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर काबिज कीन यियू को 52 मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 14-21 और 21-16 से हराया।
हैदराबाद के गाचीबाउली इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सौरभ ने अच्छी शुरूआत करते हुए 6-2 और फिर 11-4 की बढ़त कायम करते हुए आसानी से पहला गेम 21-13 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में कीन यियू ने जोरदार खेल दिखाते हुए लगातार पांच अंक बनाकर भारतीय खिलाड़ी को गेम में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
तीसरे और फाइनल गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ जिसमें ब्रेक के समय तक सौरभ ने 11-10 की बढ़त बनाई। उसके बाद सौरभ ने कीन यियू पर बढ़त बरकरार रखते हुए 21-16 की जीत के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।
इससे पहले सौरभ ने पिछले साल डच ओपन सुपर 100 और रूस ओपन सुपर 100 में भी खिताब अपने नाम किए थे।