रियो ओलिंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु ने शनिवार को हांगकांग ओपन सुपर सीरीज के फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में चेयुंग नगान यी को 21-14, 21-16 से मात देते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की की। 46 मिनट तक चले मुकाबले में सिंधु ने अपनी प्रतिद्वंदी को कोई मौका नहीं दिया।
पुरुषों के सेमीफाइनल में भारत के समीर वर्मा ने बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी यान ओ योर्गेनसन को सीधे गेम में हराकर पहले सुपर सीरीज फाइनल में प्रवेश किया। 22-वर्षीय समीर वर्मा ने डेनमार्क के योर्गेनसन पर 21-19, 24-22 से जीत दर्ज की। क्वालीफायर के तौर पर आए समीर अब फाइनल में स्थानीय प्रबल दावेदार एनजी का लोंग एंगस से भिड़ेंगे।
नौवीं वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु को अपना मुकाबला जीतने में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी और उन्होंने अपने विपक्षी को आसान मात दी। उन्होंने नगान पर दबाव बनाए रखा। नगान ने क्वार्टर फाइनल में भारत की साइना नेहवाल को हराया था।
फाइनल में सिंधु का मुकाबला चौथी वरीयता प्राप्त चीनी ताइपेई की ताई जु यिंग से होगा। यिंग ने दूसरे सेमीफाइनल में विश्व विजेता और रियो ओलिंपिक स्पेन की कैरोलिना मारिन को कड़े मुकाबले में 21-17, 14-21, 21-16 से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई। सिंधु ने पिछले सप्ताह ही चाइना ओपन के रूप में अपना पहला सुपर सीरीज खिताब जीता है।