सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की है। हालांकि, पुरुष एकल वर्ग में भारत को बुधवार को उस वक्त निराशा मिली जब लक्ष्य सेन को शुरुआती दौर के मुकाबले में रिटायर हर्ट होना पड़ा। लक्ष्य ने चोटिल होने के कारण बीच में ही मुकाबला छोड़ दिया।
मार्च के बाद खेला पहला मुकाबला
चिराग के चोटिल होने के कारण मार्च में हुए ऑल इंग्लैंड ओपन के बाद पहली बार उतरी विश्व की पूर्व नंबर एक जोड़ी ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में मलयेशिया के चोंग होन जियान और मोहम्मद हाएकाल को 40 मिनट तक चले मुकाबले में 21-16, 21-13 से हराया। यह सात्विक-चिराग की 41वीं रैंकिंग की मलयेशियाई जोड़ी के खिलाफ दूसरी जीत थी। भारतीय जोड़ी फिलहाल विश्व में 27वें नंबर पर चल रही है। इस महीने की शुरुआत में यह जोड़ी सुदीरमन कप में भी नहीं खेली थी, क्योंकि सात्विक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इससे पहले वे इस सत्र में मलयेशिया ओपन और इंडिया ओपन दोनों में सेमीफाइनल में पहुंचे थे।
निर्णायक गेम के दौरान हटे लक्ष्य
भारत के नंबर एक एकल खिलाड़ी सेन को चीनी ताइपे के लिन चुन-यी के खिलाफ अपने पहले दौर के मुकाबले के दौरान चोट के कारण बाहर होना पड़ा। वर्तमान में विश्व में 17वें स्थान पर काबिज सेन ने अच्छी शुरुआत की और पहला गेम 21-15 से जीता, लेकिन विश्व में 19वें नंबर के लिन ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-17 से जीतकर स्कोर बराबर कर दिया। निर्णायक गेम में सेन चोट के कारण रिटायर होने से पहले 5-13 से पीछे चल रहे थे। सेन की चोट की वास्तविक प्रकृति के बारे में पता नहीं चल पाया है।
मिश्रित युगल वर्ग में रोहन कपूर और रूथविका शिवानी गड्डे ने चेन झी यी और फ्रांसेस्का कॉर्बेट की अमेरिकी जोड़ी को 35 मिनट में 21-16, 21-19 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। महिला एकल में आकर्षि कश्यप विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी चीन की हान यू से 58 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 13-21, 7-21 से हार गईं।