विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में खराब प्रदर्शन का खामियाजा शटलर साइना नेहवाल को बीडब्ल्यूएफ की रैंकिंग में शीर्ष दस से बाहर होकर भुगतना पड़ा। वहीं, किदांबी श्रीकांत भी दो स्थान की नुकसान से आठवें नंबर पर लुढ़क गए हैं। साइना 11वें नंबर पर खिसक गई हैं।
विश्व चैंपियनशिप में लगातार दूसरा रजत पदक जीतने वाली पीवी सिंधू ने अपना तीसरा स्थान और एचएस प्रणय ने 11वां स्थान कायम रखा है। बीसाई प्रणीत दो स्थान के फायदे से 24वें, जबकि समीर वर्मा दो स्थान नीचे 21वें नंबर पर चले गए हैं।
वहीं, मिश्रित युगल में अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी की जोड़ी 12 स्थान की छलांग लगाकर कॅरिअर के सर्वश्रेष्ठ 28वें स्थान पर पहुंच गई। पुरुष युगल में सात्विक व चिराग शेट्टी दो स्थन ऊपर 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं।