पुरुष एकल में गत चैंपियन किदंबी श्रीकांत को सेमीफाइनल में दुनिया के नंबर एक जापान के केंतो मोमोता से 44 मिनट चले मैच में 16-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। पहले गेम की शुरुआत में किदंबी और मोमोता के बीच कड़ी टक्कर हुई। मोमोता ने 11-10 पर बढ़त बनाई और उसके बाद गेम 21-16 से अपने कब्जे में कर लिया।
दूसरे गेम में श्रीकांत ने फिर जुझारू क्षमता दिखाई लेकिन जापानी खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक लेकर बढ़त 8-3 कर ली। उसके बाद मोमोता ने लय पकड़ ली और श्रीकांत को वापसी का मौका प्रदान नहीं किया।
इससे पहले शुक्रवार को श्रीकांत ने एक ही दिन में दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। इनमें एक जीत दिग्गज चीनी खिलाड़ी लिन डैन और एक हमवतन समीर वर्मा के खिलाफ थी। दो बार के ओलंपिक और पांच बार के विश्व चैंपियन लिन डैन को श्रीकांत ने चार साल बाद हराया।