सौरभ वर्मा और रितुपर्णा दास सहित छह भारतीय शटलरों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को रूस ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के अंतिम-16 का टिकट कटा लिया। एशियाई खेलों के लिए टीम में चुने गए आठवीं वरीय सौरभ ने हमवतन राहुल यादव को 23-11, 21-11 से, जबकि पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन रितुपर्णा ने स्थानीय खिलाड़ी विक्टोरिया स्लोबोडयानयुक को 21-11, 21-18 से पराजित किया। शुभंकर डे ने हमवतन अजय जयराम को 15-21, 21-14, 21-15 से और सिद्धार्थ प्रताप सिंह ने बोधित जोशी को 21-8, 21-14, से हराया। अब यह दोनों आमने-सामने होंगे।
मुग्धा आग्रे ने मलयेशिया की यिन फुन लिम को 21-16, 21-19 से और वृषाली गुमादी ने रूस की इलेना कोमेंद्रोवस्काजा को 21-11, 21-16 से बाहर किया। पुरु ष युगल में अरुण जॉर्ज और संयम शुक्ला की जोड़ी ने व्लादीमीर निकुलोव और आर्टम सेरपियोनोव को 21-15, 21-15 को हराया।
कश्यप व गरुसाईदत्त हारे
राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व चैंपियन पारुपल्ली कश्यप और आरएमवी गुरुसाईदत्त को हार का सामना करना पड़ा। कश्यप को जापान के रोयतारो मारूआ से 12-21, 11-21 से और गुरुसाईदत्त को रूस के व्लादीमीर मलकोव से 14-21, 8-21-8 से हार झेलनी पड़ी। प्रतुल जोशी, चिराग सेन और साई उत्तेजिता राव भी दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए।