फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीनी खिलाड़ी से हारकर मौजूदा चैंपियन पीवी सिंधु बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर से बाहर

Thu, 12 Dec 2019 10:04 PM IST
मुकेश कुमार झा स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
पीवी सिंधु - फोटो : ट्विटर
विज्ञापन

विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु गुरुवार को चीन की येन युफेई के हाथों हार के साथ बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल से बाहर हो गई। सिंधु ने पहला गेम जीता लेकिन इसके बाद वह लय बरकरार रखने में नाकाम रही और 22-20, 16-21, 12-21 से हार गई। सत्र के इस आखिरी टूर्नामेंट में यह उनकी लगातार दूसरी हार है। 

विज्ञापन


बुधवार को पहले मैच में जापान की अकीनी यामागुची के खिलाफ भी सिंधु ने एक गेम से बढ़त पर थी लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा पायी थी। गुरुवार को फिर से उसकी पुनरावृत्ति देखने को मिली और एक घंटे 12 मिनट तक चले मैच में उन्हें हार झेलनी पड़ी। इससे सिंधु नाकआउट की दौड़ से बाहर हो गई है। 

यामागुची की बिंग जियाओ के खिलाफ जीत से पिछले साल की चैंपियन सिंधु की टूर्नामेंट में रही सही उम्मीद भी समाप्त हो गयी। यामागुची और चेन युफेई ने अभी तक अपने दोनों मैच जीते हैं जिससे वे ग्रुप ए से सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही। सिंधु पहले गेम में 17-20 से पीछे चल रही थी लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करके लगातार पांच अंक बनाकर यह गेम अपने नाम किया। 
विज्ञापन


चीनी खिलाड़ी ने हालांकि दूसरे गेम में शुरू से बढ़त बनाये रखी और मैच बराबरी पर ला दिया। आल इंग्लैंड चैंपियनशिप सहित छह फाइनल में जीत दर्ज करने वाली चेन युफेई ने निर्णायक गेम में भी अपनी लय जारी रखी और यह गेम और मैच अपनी झोली में डाला। सिंधु शुक्रवार को बिंग जियाओ से भिड़ेगी लेकिन दोनों खिलाड़ियों के लिए यह मैच अब औपचारिकता मात्र रह गया है।

बता दें कि पीवी सिंधु ने अगस्त में बासेल में विश्व चैंपियनशिप जीती, लेकिन उसके बाद से वह लगातार खराब फॉर्म में है। ओलंपिक रजत पदक विजेता सिंधु जुलाई में इंडोनेशिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची थी। इसके बाद कोरिया ओपन और फुजोउ ओपन में पहले दौर से बाहर हो गई जबकि चाइना ओपन, डेनमार्क ओपन और हांगकांग ओपन के दूसरे दौर में हारीं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें