विश्व चैंपियन शटलर पीवी सिंधू का मानना है कि कोविड-19 के बाद की परिस्थितियों में विदेशी कोचों की सेवाएं लेना मुश्किल होगा। ऐसे में पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के पास इस शून्य को भरने का अच्छा मौका होगा। सिंधू ने सोमवार को वेबिनार के दौरान कहा, ‘अगर महामारी बनी रहती है तो विदेशों से कोच लाना मुश्किल हो सकता है। हमारे देश में बहुत से अच्छे खिलाड़ी हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेले हैं, हम उनका कोच के रूप में उपयोग कर सकते हैं।’ ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधू ऑनलाइन सेशन के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के नव नियुक्त सहायक निदेशकों को संबोधित कर रही थीं।