आलोचना या उम्मीदों के बोझ से विश्व चैंपियन शटलर पीवी सिंधु पर कोई असर नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वह इस साल टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने के लिए अपने खेल में सुधार करने पर ध्यान दे रही हैं। सिंधु ने 2019 में विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीता लेकिन सत्र के बाकी टूर्नामेंट में से अधिकतर में वह शुरुआती दौर से आगे नहीं बढ़ पाईं।
उन्होंने कहा,‘विश्व चैंपियनशिप मेरे लिए वास्तव में शानदार रही लेकिन इसके बाद मैं पहले दौर में हारती रही। इसके बावजूद मैंने खुद को सकारात्मक बनाए रखा। आप सभी मैच जीतो यह संभव नहीं है। कुछ मौकों पर आप बेहतरीन खेल दिखाते हो लेकिन कभी आप गलतियां भी करते हो। मैंने इन गलतियों से काफी कुछ सीखा। मेरे लिए सकारात्मक बने रहना और दमदार वापसी करना महत्वपूर्ण है। मुझसे निश्चिततौर पर काफी उम्मीदें होंगी लेकिन दबाव और आलोचना मुझे प्रभावित नहीं करती, क्योंकि लोग मुझसे हमेशा जीत की उम्मीद करते हैं। ओलंपिक किसी के लिए भी अंतिम लक्ष्य होता है। हम तकनीक और कौशल पर काफी काम कर रहे हैं। सब कुछ सुनियोजित होगा और ओलंपिक सत्र में सब कुछ अच्छा होगा।’