सात लाख डालर इनामी चीन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय युगल खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत की। सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी ने हालांकि पुरुष और मिश्रित युगल वर्ग में दोहरी जीत हासिल की। पिछले महीने फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंची सात्विक और चिराग शेट्टी की थाईलैंड ओलंपिक चैंपियन जोड़ी ने पुरुष युगल में फिलिप च्यू और रेया च्यू की अमेरिका की जोड़ी को 21-9 21-15 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
अगले दौर में भारतीय जोड़ी का सामना हिरोयुकी एंडो और युता वतानबे की जापान की छठी वरीय जोड़ी से होगा। इससे पहले सात्विक और अश्विनी पोनप्पा की दुनिया की 30वें नंबर की मिश्रित युगल जोड़ी ने जोशुआ हर्लबर्ट यू और जोसेफीन वू की कनाडा की जोड़ी को 21-19 21-19 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
अगले दौर में सात्विक और अश्विनी की भिड़ंत सियो सियुंग जेई और चेई युजुंग की जोड़ी से होगी। अश्विनी और एन सिक्की रेड्डी की महिला युगल जोड़ी को ली वेन मेई और झेंग यू की चीन की दुनिया की 10वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ 30 मिनट चले एकतरफा मुकाबले में 9-21 8-21 से हार झेलनी पड़ी।