इस साल उबेर कप का खिताब जीतने वाले जापान की टीम में शीर्ष एकल खिलाड़ी है जिसमें 2017 विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा और विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज अकाने यामागुची के अलावा युगल रैंकिंग में नंबर एक और नंबर दो पर काबिज क्रमश: युकी फुकुशिमा एवं सायका हिरोता तथा मिसाकी मातसुतोमा एवं अयाका ताकाहाशी की जोड़ियां भी हैं।
सिंधू ने हालांकि पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में फाइनल में पहुंचने के क्रम में नोजोमी और यामागुची को मात दी थी। इस भारतीय खिलाड़ी को टीम और एकल स्पर्धा में देश को स्वर्ण पदक सुनिश्चित करने केलिए एक बार फिर जापान के इन खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करना होगा। टीम स्पर्धा का नतीजा युगल विशेषज्ञ अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगा क्योंकि दोनों को अपने से बेहतर रैंकिंग वाले खिलाड़ियों से भिड़ना होगा।
पुरुष टीम का अभियान भी रविवार से शुरू होगा जिसमें वह कमजोर माने जाने वाले मालदीव के खिलाफ खेलेंगे। भारतीय टीम अगर इस मैच को जीतने में सफल रही तो क्वार्टर फाइनल में उनका सपना मेजबान इंडोनेशिया से होगा जिसे पहले दौर में बाई मिली है। श्रीकांत और एचएस प्रणय की अगुवाई में भारतीय टीम के पास 32 वर्षों के पदक का सूखा खत्म करने का सुनहरा मौका होगा।
इंडोनेशिया की टीम में भी कुछ अच्छे खिलाड़ी है जिसमें एकल में जोनाटन क्रिस्टी और एंथोनी सिनिसुका गिनटिंग और युगल में विश्व रैंकिग में पहले स्थान पर काबिज मार्क्स फर्नाल्दी गिडोन और केविन संजया सुकामुलजो की जोड़ी शामिल हैं। टीम में विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज फजार अलफियान और मोहम्मद रिया अर्दियांतो की युगल जोड़ी भी है।
श्रीकांत और प्रणय ने पहले भी अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को धूल चटाई है और अगर राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक विजेता चिराग शेट्टी और सात्विक रेंकीरेड्डी अपने प्रदर्शन को दोहरा सकेतो पदक की संभावना है।
एकल वर्ग के मुकाबले 22 अगस्त से शुरू होंगे जिसमें श्रीकांत और प्रणय से भारत को सबसे ज्यादा उम्मीदें होगी। भारतीय कोच पुलेला गोपीचंद को उम्मीद है कि एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी इतिहास रचेंगे लेकिन उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के तुरंत बाद इसके आयोजन पर खिलाड़ियों की चोट को लेकर चिंता भी जताई।
रामकुमार रामनाथन और सुमित नागल पुरुषों के युगल मुकाबले में एशियाई खेल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम चयन से नाराज भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने सुमित नागल के साथ पुरुष युगल टीम में खेलने से इनकार कर दिया था। खेल शुरू होने से करीब चौबीस घंटे पहले पेस ने एशियाई खेल से अपना नाम वापस ले लिया था।
रामकुमार रामनाथन और सुमित नागल के अलावा रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी पुरुष युगल मुकाबले में कोर्ट पर उतरेगी। युगल के साथ ही रामकुमार रामनाथन एकल प्रतिस्पर्धा में भी हिस्सा लेंगे। चार साल पहले एशियाई खेल में भारत टेनिस में कुल पांच पदक जीतने में कामयाब हुआ था। इनमें मिश्रित युगल में गोल्ड भी शामिल था।