सिंधु के अलावा दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी साइना नेहवाल भी मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। जनवरी में इंडोनेशिया ओपन जीतने के बाद से ही वह फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं। वह चीन और कोरिया ओपन में पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थी। पिछली बार की फाइनलिस्ट साइना पहले दौर में जापान की 12वें नंबर की सयाका तकाहाशी से भिड़ेगी, जिन्होंने इस भारतीय खिलाड़ी को अगस्त में थाईलैंड ओपन में हराया था।
घुटने की चोट से उबरकर वापसी कर रहे पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत डेनमार्क के एंडर्स एंटोसेन के खिलाफ तो विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता बी साई प्रणीत दिग्गज लिन डैन का सामना करेंगे। पारूपल्ली कश्यप पहले दौर में थाईलैंड के सिटीकोम थम्मासिन से तो डेंगू से उबरने के बाद वापसी करने वाले एचएस प्रणय इंडोनेशियाई के एंथोनी सिनिसुका गिंटिग से खेलेंगे।
युगल में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का मुकाबला कोरिया के किम जी जंग और ली योंग डे से होगा। महिला युगल में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी जापान की मायु मात्सुमोतो और वकाना नागहारा का सामना करेगी।