पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत
- फोटो : indian express
भारतीय शटलर पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत ने इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीत के साथ आगाज किया। बीडब्ल्यूएफ के व्यस्त कार्यक्रम से एक महीने के ब्रेक के बाद उतरे सिंधू और श्रीकांत ने महिला और पुरुष एकल के पहले दौर में जापान के खिलाड़ियों अया ओहोरी और केंता निशिमोतो की चुनौती तोड़ी। सत्र का पहला खिताब जीतने के प्रयास में जुटी पांचवीं वरीय सिंधू ने ओहोरी को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 11-21, 21-15, 21-15 से पराजित किया। ओहोरी के खिलाफ सिंधू की यह लगातार सातवीं जीत है जबकि श्रीकांत ने निशिमोतो के खिलाफ पांचवीं जीत दर्ज की। दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी सिंधू का दूसरे दौर में सामना डेनमार्क की मिया ब्लिकफेल्ट से होगा, जिन्होंने हांगकांग की यिप पुई यिन को 19-21, 21-15, 21-17 से पराजित किया।
38 मिनट में जीते श्रीकांत:
इंडिया ओपन के उपविजेता आठवें वरीय श्रीकांत ने निशिमोतो को मात्र 38 मिनट में 21-14, 21-13 से बाहर का रास्ता दिखा दिया। यह श्रीकांत की निशिमोतो पर छह मुकाबलों में पांचवीं जीत है। उन्हें सिर्फ एक बार हार मिली है। दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत की टक्कर अब में फ्रांस के ब्राइस लेवरडेज और हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगी।
प्रणय और प्रणीत हारे:
बी साई प्रणीत और एचएस प्रणय पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए। स्विस ओपन के उपविजेता प्रणीत को हांगकांग के वोंग विंग की विंसेंट के हाथों 15-21,21-13,10-21 से और प्रणय को चीन के शिी यूकी से 21-19,18-21, 20-22 से हार झेलनी पड़ी। मिश्रित युगल में सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को इंडोनेशियाई के विन्नी अक्ताविना और टोंटोवी अहमद से 13-21,11-21 से हार मिली।