भारत के आयुष शेट्टी को विश्व चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया के अल्वी फरहान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा जिससे प्रतियोगिता के पुरुष एकल में देश का अभियान समाप्त हो गया। वहीं, महिला एकल वर्ग में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू को चीन की वांग झी यी के खिलाफ प्री क्वार्टर फाइनल में हार मिली जिससे उनका विश्व चैंपियनशिप में छठा पदक जीतने का सपना टूट गया। हालांकि, सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष युगल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर विश्व चैंपियनशिप में तीसरा पदक जीतने की ओर एक कदम बढ़ाया।
पुरुष एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त
शुरुआती दौर में गत चैंपियन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के शी यू कि को हराकर उलटफेर करने वाले 21 वर्षीय शेट्टी को दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी फरहान ने 21-19, 21-11 से शिकस्त दी। यह 11वीं वरीयता प्राप्त इंडोनेशियाई खिलाड़ी के खिलाफ आठ मुकाबलों में शेट्टी की पांचवीं हार है। इस नतीजे के साथ भारत का पुरुष एकल अभियान समाप्त हो गया। लक्ष्य सेन बुधवार को ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए थे।
महिला एकल में सिंधू को चीन की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी वांग झी यी के खिलाफ कड़े मुकाबले में 11-21, 21-15, 17-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। वांग ने दोनों पैरों में जकड़न की समस्या से जूझने के बावजूद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अपनी 11वीं विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहीं सिंधू ने इससे पहले वांग के खिलाफ आठ में से तीन मुकाबले जीते थे, जबकि पांच बार उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
त्रीसा-गायत्री पदक के करीब
इससे पहले त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला युगल जोड़ी ने जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त रिन इवानागा और की नाकानिशी को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। भारत की गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में रिन और नाकानिशी की विश्व में सातवें नंबर की जोड़ी को 21-16 21-12 से हराया। हाल में अर्जुन पुरस्कार पाने वाली त्रीसा और गायत्री ने शुरू से अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को कोई मौका नहीं दिया। यह भारतीय जोड़ी 2022 और 2023 में लगातार दो वर्ष ऑल इंग्लैंड ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। उन्होंने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक भी जीता था और पिछले साल की शुरुआत में दुनिया की शीर्ष 10 जोड़ियों में जगह बनाई थी। इस साल की शुरुआत में त्रीसा के टखने में चोट लगने के कारण यह जोड़ी कुछ टूर्नामेंट में नहीं खेल पाई थी। उन्होंने इंडोनेशिया ओपन में वापसी की और इस महीने की शुरुआत में फिलीपीन इंटरनेशनल चैलेंज जीता।
सात्विक-चिराग ने मलयेशियाई जोड़ी को हराया
वर्ष 2022 और 2025 में दो कांस्य पदक जीत चुके सात्विक और चिराग ने प्री क्वार्टर फाइनल में मलयेशिया की दुनिया की 19वें नंबर की जोड़ी जुनैदी आरिफ और याप रॉय किंग को कड़े मुकाबले में 21-23, 21-19, 21-17 से हराया। पहले दौर में बाई और दूसरे दौर में वॉकओवर मिलने के बाद यह टूर्नामेंट में उनका पहला मुकाबला था।