बेंगलुरु में सोमवार को श्री कांतीरावा इंडोर स्टेडियम में खेले गए प्रीमियर बैडमिंटन लीग के एक मुकाबले में चेन्नई स्मैशर्स को अवध वॉरियर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा। सोन वान हू ने मुकाबले में अपनी टीम को 4-3 से जीत दिलाई।
वान हू ने इसी के साथ चेन्नई की स्टार खिलाड़ी सुंग जी ह्यून और क्रिस एडकॉक तथा गैब्रिएल एडकॉक की जोड़ी की मेहनत पर पानी फेर दिया जिन्होंने चेन्नई के 0-3 से पिछड़ने के बाद उसे 3-3 की बराबरी पर ला दिया था।
अवध की टीम शुरुआती दो मैच जीत 3-0 से आगे थी और अगले मैच में जीत उसे मुकाबले की विजेता बना देती, लेकिन ह्यून ने ट्रंप मैच में बेइवान झांग को मात दे अपना मैच जीत चेन्नई के खाते में दो अंक डाल उसे मुकाबले में बनाए रखा। इसके बाद मिक्स्ड डबल्स में क्रिस और गैब्रिएल की जोड़ी ने वॉरियर्स की माथियास क्रिस्टिएनसेन और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी को मात दे स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया था।
मैच का फैसला पुरुष सिंगल्स वर्ग के आखिरी मैच पर निर्भर था जहां वॉरियर्स के वान हू के सामने चेन्नई के राजीव ओसेफ थे। वान हो ने मुकाबला जीत वॉरियर्स को जीत दिलाई। पहला मैच मिक्स्ड डबल्स था, जहां वॉरियर्स के ली यांग और माथियास क्रिस्टिएनसेन का सामना चेन्नई के क्रिस एडकॉक और सुमिथ रेड्डी की जोड़ी से था।
वॉरियर्स की जोड़ी को इस मैच को जीतने में कोई खास परेशानी नहीं हुई। अवध की जोड़ी ने इस मैच में 15-8, 15-6 से जीत हासिल कर अपनी टीम के खाते में दो अंक डाले। यह वॉरियर्स का ट्रंप मैच था और ट्रंप मैच जीतने वाली टीम को दो अंक मिलते हैं।
अगला मैच पुरुष सिंगल्स वर्ग का था। यहां अवध के ली डोंग केयुन के सामने चेन्नई के चोंग वेई फेंग थे। मुकाबला अवध ने जीता। अगला मैच महिला सिंगल्स वर्ग का था, जहां वॉरियर्स की बेइवान झांग का सामना चेन्नई की सुंग जी ह्यून से था। दोनों के बीच शुरू से ही कड़ा मुकाबला हुआ। यह चेन्नई का ट्रंप मैच था जिससे उसके हिस्से दो अंक आए।
मुकाबले का अगला मैच मिक्स्ड डबल्स का था जिसमें क्रिस्टिएनसन और अश्विनी पोनप्पा अवध की तरफ से कोर्ट पर चेन्नई के क्रिस एडकॉक और गैब्रिएल एडकॉक के खिलाफ उतरे। यहां चेन्नई को जोड़ी ने तीन गेमों में 15-13, 9-15, 15-14 से जीत हासिल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया था।
ऐसे में पुरुष सिंगल्स का आखिरी मैच निर्णायक हो गया। जहां अवध के सोन वान हो के सामने चेन्नई के राजीव ओसेफ थे। वान हो ने आसानी से 15-6, 15-6 से मैच जीत वॉरियर्स को विजेता बनाया।