भारतीय शटलर पी कश्यप और सौरभ वर्मा ने कनाडा ओपन सुपर 100 टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व चैंपियन छठी वरीय कश्यप ने एक घंटे 24 मिनट तक चले मुकाबले में चीन के रेन पेंग बो को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 23-21, 21-23, 21-19 से पराजित किया। राष्ट्रीय चैंपियन सौरभ ने चीन के ही सुन फेई जियांग की चुनौती को 21-13,15-21,21-15 से ध्वस्त कर अगले दौर का टिकट कटाया। इंडिया ओपन के सेमीफाइनलिस्ट कश्यप का सामना अब फ्रांस के लुकास क्लेरबोउट और सौरभ का चीन के ली शी फेंग से होगा।