कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 की स्वर्ण पदक विजेता साइना नेहवाल ने मलेशिया ओपन में अपने दौर की बाधा पार कर ली। दुनिया की दसवें नंबर की खिलाड़ी साइना ने मंगलवार को शुरुआती मुकाबले में हांगकांग की यिप पुई यिन को आसानी से 21-12, 21-16 से शिकस्त देकर दूसरे दौर में जगह बनाई।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता ने यह मुकाबला 42 मिनट में अपने नाम किया। हैदराबादी खिलाड़ी ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी है। हालांकि उन्हें कठिन ड्रॉ में रखा गया है। दूसरे दौर में साइना का सामना जापान की अकाने यामागुची से होगा। इंडोनेशिया मास्टर्स की उपविजेता साइना अगले दौर में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगी।
वहीं, पुरुष एकल में समीर वर्मा को पहले ही मुकाबले में इंडोनेशिया के टॉमी सुर्गियतो के हाथों 13-21, 5-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। मिश्रित युगल में रोहन कपूर और कुहू गर्ग की जोड़ी भी चीन के ही जिटिंग और डु यूई की जोड़ी से 9-21, 10-21 से हार कर बाहर हो गई। बता दें कि एक माह के ब्रेक के बाद राष्टमंडल खेलों की रजत पदक विजेता पीवी सिंधू और किदांबी श्रीकांत गुरुवार को कोर्ट पर उतरेंगे।