भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल का मलयेशिया मास्टर्स टूर्नामेंट में प्रभावशाली अभियान शनिवार को सेमीफाइनल में हार के साथ खत्म हो गया।
साइना को विश्व और ओलंपिक चैंपियन कैरोलिना मारिन ने 40 मिनट चले मैच में 16-21,13-21 से हार मिली। नेहवाल की हार के साथ सीजन के पहले वर्ल्ड टूर सुपर 500 टूर्नामेंट में भारतीय अभियान भी समाप्त हो गया।
इस मुकाबले से पहले इन दोनों के बीच का रिकॉर्ड 5-5 से बराबरी पर था। साइना ने अच्छी शुरुआत की और 5-2 से बढ़त बनाई लेकिन मारिन ने आक्रामक तेवर अपनाए और लगातार सात अंक बनाकर ब्रेक तक 11-9 से बढ़त हासिल कर ली।
साइना ने इसके बाद स्कोर 14-14 से बराबर किया लेकिन स्पेनिश खिलाड़ी ने इसके बाद भारतीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया और 20 मिनट में पहला गेम अपने नाम किया।
मारिन दूसरे गेम में हावी होकर खेलीं। उन्होंने शुरू में ही 6-1 से बढ़त बनाई और फिर ब्रेक तक वह 11-6 से आगे थी। साइना ने वापसी की कोशिश की लेकिन मारिन ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।
इस स्पेनिश खिलाड़ी को आखिर में आठ मैच प्वाइंट मिले। साइना ने एक मैच प्वाइंट बचाया लेकिन मारिन ने अगली बार सीधे रिटर्न पर मैच अपने नाम किया।
2017 : में यहां खिताब जीता था साइना ने, इसके अलावा 2011 में भी वह फाइनल में पहुंची थीं